अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
चोरों को पकड़ने वाली पुलिस खुद ही चोरी करते रंगे हाथों पकड़ी गई है। बिजली निगम की टीम ने सिरसा के आदर्श थाने में शुमार डिंग थाने में छापेमारी करके बिजली चोरी पकड़ी है। थाने अंदर दो सरकारी क्वार्टर और 15 होर्स पॉवर की सबमर्सिबल मोटर डायरेक्ट कुंडी कनेक्शन से चलती हुए पाई गई। बिजली निगम की टीम को पता चला है कि थाने में बिजली चोरी काफी समय से की जा रही थी। बिजली निगम ने चोरी के इस मामले में एलएल-वन भर दी है और बिजली चोरी करने पर साढे़ छह लाख रुपये जुर्माना तय किया है। थाने में बिजली चोरी पकड़े जाने से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बिजली निगम के जेई कश्मीर की अगुवाई में भागीरथ जेई, फोरमैन अशोक कुमार, लाइनमैन जगप्रवेश की टीम ने बुधवार दोपहर साढे़ 12 बजे आदर्श डिंग थाने में छापेमारी की। निगम की टीम ने मौके पर मौजूद कांस्टेबल राजेश कुमार को साथ लेकर बिजली कनेक्शन जांचे। टीम ने जांच की वीडियोग्राफी की। जांच में पाया कि एलटी लाइन से एचएचओ निवास को जाने वाली लाइन में कुंडी लगाकर 15 होर्स पॉवर की सबमर्सिबल मोटर चलाई जा रही थी। इस सबमर्सिबल पंप का इस्तेमाल पीने के पानी और पौधों की सिंचाई के लिए किया जाता है। इसके साथ ही टीम ने थाना परिसर स्थित दो क्वार्टरों में भी बिजली चोरी पाई। इन क्वार्टरों पर बिजली के मीटर भी लगे हैं लेकिन सप्लाई कुंडी कनेक्शन से दी जा रही थी। कुंडी कनेक्शन से रोशन होने वाले क्वार्टर राजेंद्र सिंह और रामकुमार के नाम से अलॉट बताए जाते हैं। बिजली चोरी के मामले में राजेंद्र सिंह ने हस्ताक्षर करने से भी इंकार कर दिया।
मामले को रफा-दफा करने की कोशिश हुई
आदर्श डिंग थाना में बिजली चोरी के पकड़े जाने से न केवल पुलिस विभाग में बल्कि बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारी मामले को रफा-दफा करने की कोशिश में जुटे हैं। वहीं, निगम के अधिकारी बड़ा मामला छेड़े जाने से भयभीत हैं। बिजली चोरी के इस मामले को 24 घंटे तक दबाने और रोकने के भरसक प्रयास किए गए, लेकिन मीडिया की जानकारी में मामला आने पर दबाने के प्रयास कामयाब नहीं हो पाए।
जुर्माना न भरने पर है दर्ज होगा केस
बिजली चोरी के मामले में 24 घंटे के भीतर जुर्माना भरने का प्रावधान है। जुर्माना राशि अदा न करने पर चोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का प्रावधान है। निगम और पुलिस विभाग के आला अधिकारी इस मामले में पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं। सरकारी कर्मचारियों को बिजली चोरी ही नहीं बल्कि बिल की अदायगी को लेकर भी स्पष्ट निर्देश हैं। ऐसे में डिंग थाना पुलिस के पास दो ही विकल्प बचे हैं। या तो जुर्माना भरे या फिर अपने खिलाफ ही थाने में बिजली चोरी का केस दर्ज करे।
जवाबी कार्रवाई से भयभीत निगम अधिकारी
पुलिस थाने में बिजली चोरी पकड़ने के बाद बिजली निगम अधिकारियों को पुलिस की जवाबी कार्रवाई का भय सता रहा है। निगम सूत्रों का कहना है कि अधिकारियों को लगता है कि बदले की भावना से पुलिस उन्हें झूठे केस में फंसा सकती है। किसी पुराने मामले की फाइल फिर से खोलकर उन्हें प्रताड़ित किया जा सकता है। बिजली निगम अधिकारियों की कार्रवाई के बाद पुलिस भी अब चुप बैठने वाली नहीं।
पुलिस लाइन में पकड़ी जा चुकी है चोरी
बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन में भी बिजली निगम की ओर से बिजली चोरी पकड़ी जा चुकी है। सूत्रों की माने तो जिलेभर के अधिकतर पुलिस थानों और चौकियों में कुंडी कनेक्शन के सहारे ही रोशनी होती है। निगम द्वारा लाइन लॉस को कम करने के लिए आम आदमी के घर पर तो दिन और रात में छापेमारी की जाती है, लेकिन बडे़ स्तर पर होने वाली चोरी के मामलों में निगम अधिकारी आंख मूंद लेते हैं। यदि निगम द्वारा सिलसिलेवार तमाम चौकी और थानों की जांच करे तो लाइन लॉस को कम करने में आसानी होगी।
नियम अनुसार हो रही है कार्रवाई
डिंग थाने में बिजली चोरी का मामला सामने आया है। निगम की ओर से एलएल-वन भरी गई है। एसडीओ को जुर्माना राशि के आंकलन के निर्देश दिए गए हैं। चोरी के इस मामले में जुर्माना भरने का नोटिस दिया जाएगा। निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
-पीके चौहान, अधीक्षण अभियंता सिरसा।
मुझे 20 दिन हुए हैं प्रभारी बने
पुलिस थाने में रिपेयरिंग का काम चल रहा है, बिजली की कुछ तारे कटी हुई पड़ी हैं। थाना हर महीने 15 हजार रुपये बिजली निगम को बिल भरता है। पानी की जो मोटर लगी है उससे आदर्श थाने में लगे फूलों के पौधों की सिंचाई होती है। मुझे थाने का प्रभारी बने केवल 20 दिन हुुए हैं, इससे ज्यादा कुछ नहीं बता सकता।
-इंस्पेक्टर बलवंत जस्सू, प्रभारी डिंग थाना।
निगम कागजात भेजेगा तो जवाब देंगे
बिजली निगम अधिकारियाें ने मीडिया से संपर्क साधा होगा, लेकिन पुलिस विभाग से कोई संपर्क नहीं किया है। मीडिया के माध्यम से ऐसी बात पता लगी है, लेकिन बिजली निगम की ओर से ऐसा कुछ भी विभाग को नहीं बताया गया है कि उन्होंने पुलिस थाने कोई बिजली चोरी पकड़ी भी है। निगम की तरफ से कोई कागजात भेजे जाएंगे तो उसका जवाब दिया जाएगा।
-सिमरदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक सिरसा।