बैंकों की हड़ताल, 300 करोड़ का लेनदेन प्रभावित
भिवानी
केंद्र सरकार द्वारा सरकारी बैंकों को निजी कारपोरेट घरानों को सौंपने के विरोध में यूनाइटेड फ्रंट आफ बैंक यूनियन के आह्वान पर बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे जिलेभर में बैंकों में कामकाज ठप रहा और अनुमानित 300 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। मंगलवार को लगभग सभी बैंकों में सन्नाटा पसरा रहा। बैंक कर्मचारी कामकाज छोड़ घंटाघर स्थित यूको बैंक की मुख्य शाखा के सामने एकत्र हुए। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता कामरेड कंवर सिंह ने की।
यूको बैंक एंपलाइज यूनियन के संगठन सचिव चिरंजीलाल सांवरिया ने कहा कि केंद्र सरकार सरकारी बैंकों को निजी कारपोरेट घरानों को सौंपने की साजिश रच रही है। वह जानबूझकर कारपोरेट घरानों को दिए गए ऋण की वसूली नहीं कर रही है। कर्मचारी नेता ओमप्रकाश ने कहा कि पार्लियामेंट्री कमेटी को लागू किया जाए जिसमेें डूबे हुए कर्जे की रिकवरी के लिए कहा गया है। खराब ऋण खातों की रिकवरी के लिए सख्त नियम बनाए जाने, एफआरडीआई बिल को वापस लिया जाने, बैंकस बोर्ड ब्यूरो को समाप्त किये जाने, बैंकों में कार्यानुसार उचित स्टाफ की भर्ती की जाने, ऋण माफी योजना को बंद करने सहित अनेक मांगों को पूरा करने की मांग की। इस मौके पर उदय सिंह तंवर, रामौतार मेहंदिया, लालचंद यादव, महेंद्र हंस, राजेंद्र यादव, बनवारी लाल, प्रदीप कुमार, पूनम, मनीष कुमार, हरीश कुमार, उमाकांत शर्मा, विनोद जैन, जोगेंद्र, सोनू बागड़ी, बीआर अरोड़ा, दलबीर सिंह, राजेश, अशोक, विरेंद्र महता, का. धर्मबीर बामला, आनंद, मनोज वर्मा, संदीप, रमेश कुमार, यागेश महता, दीपक कुमार, अजय कुमार, कृष्ण कुमार, रोहताश कुमार, रामचंद्र, राजेंद्र, सज्जन, राजेंद्र आहुजा, पुरुषोत्तम सैनी, मनीष कौशिक, सोनिका, सीमा सहित अनेक बैककर्मी व सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के पदाधिकारी मौजूद रहे।