अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के सीएमडी शत्रुजीत कपूर की ओर से रेवाड़ी के सभी 410 गांवों में चौबीस घंटे बिजली देने की घोषणा अभी हाल के लिहाज से दूर की कौड़ी दिख रही है। बिजली उपभोक्ताओं का बड़े पैमाने पर बिजली चोरी करना एवं निगम कर्मियों से होने वाली मारपीट से निगम की डगर अभी दूर ही लग रही है। ऐसे में अगले छह महीने में जिन 54 फीडर के 208 गांवों में मीटर घर से बाहर निकालने एवं कंडक्टर की जगह इंसुलेटर अर्थात केबल लगाई जानी है, उनमें लाइनलॉस 35 से 45 फीसदी तक है। इनमें कुछ फीडर ऐसे भी हैं जिनका लाइनलॉस 60 फीसदी तक है। ऐसे में 31 करोड़ की लागत से 180 दिनों में 208 गांवों का लाइनलॉस 20 फीसदी तक कम करना निगम के लिए बड़ी चुनौती से कम नहीं है। दिनों के हिसाब से निगम कर्मियों को एक से ज्यादा गांव योजना में शामिल करना पड़ेगा।
31 करोड़ की लागत से ये फीडर होंगे जगमग
मुख्यमंत्री मनोहरलाल की 24 घंटे गांव में बिजली देेने की म्हारा गांव जगमग योजना के तहत जिले के सात सब डिवीजन में 11 केवी के 54 फीडर के करीब 208 गांवों में घर से बाहर मीटर निकालने, कुंडी चोरी पर लगाम लगाने के लिए खुली तारों की जगह केबल डालने एवं जर्जर हो चुके ट्रांसफार्मर बदलने सहित अन्य कार्यों पर 31 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में कुल 386 फीडर हैं जिनमें से 74 घरेलू, 109 कृषि, 19 अर्बन, 26 इंडस्ट्रियल, 114 स्वतंत्र, 02 मिश्रित एवं 42 सब स्टेशन फीडर हैं।
इन सब डिवीजन में ये है गांव
1. सब अर्बन सब डिवीजन
इस सब डिवीजन में लाधूवास गुर्जर, जांट भूरथल, जांटी, हालूहेड़ा, माजरा श्योराज, हजारीवासा एवं हांसावास के साथ गोकलगढ़ फीडर का कायाकल्प किया जाएगा।
2. बुडौली सब डिवीजन
इस सब डिवीजन में गोठड़ा, भोका, ढाणी कोलाणा, लिसान, मायन, रामपुरी, कुमरौधा, सुंदरोज एवं मुंदी 11 केवी फीडर शामिल हैं।
3. कोसली सब डिवीजन
कोसली सब डिवीजन में कोसली गांव, नांगल पठानी, फतेहपुरी, गुड़ियानी, गढ़ी, भड़ंगी, दखोरा, कारौली, गामड़ी, रतनथल, झाल, भूरियावास, सुरखपुर, खेड़ा एवं लाडेन डीएस फीडरों की जर्जर हालत को सुधारा जाएगा।
4. पाल्हावास सब डिवीजन
पाल्हावास सब डिवीजन में सबसे कम फीडरों का कायाकल्प किया जाना है। यहां पर करावरा, मुरलीपुर एवं गुरावड़ा फीडर पर काम होना बाकी है। बचे हुए सभी फीडरों पर म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत काम पूरा कर लिया गया है।
5. धारूहेड़ा सब डिवीजन
यहां पर जोनावास, खरखड़ा, गोयल कॉलोनी, जोनियावास, रालियावास एवं हासांका गांव के फीडरों पर काम होने के बाद धारूहेड़ा डिवीजन के सभी गांव जगमग योजना में शामिल हो जाएंगे।
5. बावल डिवीजन
बावल सब डिवीजन में गांव केशोपुर, ढाणी अहीर, पनवाड़, कसौला, रायपुर/अलावलपुर एवं व्रनावास गांव के फीडरों पर मीटर निकालने के साथ लाइनलॉस को 20 फीसदी से कम करना है। कुछ दिन पहले गांव रायपुर के ग्रामीणों ने चोरी पकड़ने गए निगम कर्मचारियों पर बावल में पहुंचकर हमला बोल दिया था, जिसमें जेई एवं अन्य कर्मचारी घायल हुए थे।
6. गोठड़ा सब डिवीजन
गोठडा सब डिवीजन के धारण, बिठवाना, नांधा एवं भांडोर सहित अन्य फीडरों पर जगमग योजना के तहत काम किया जाना बाकी है।
सात नए सब स्टेशन बनने के बाद कट की समस्या का होगा समाधान
रेवाड़ी सर्कल में 42 सब स्टेशन के माध्यम से जिले की दस लाख आबादी को बिजली सप्लाई की जा रही है। लेकिन गर्मी के दिनों में लोड बढ़ने से ये सब स्टेशन अपर्याप्त साबित होते हैं। इसके चलते निगम को ट्रांसफार्मर जलने से बचाने के लिए कट लगाने पड़ते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए निगम की ओर से सात सब स्टेशन बनने प्रस्तावित हैं। कई पर काम भी लगभग पूरा हो चुका है। इन सब स्टेशन के काम शुरू करने के बाद काफी हद तक कट की समस्या का समाधान हो जाएगा। सुबासेड़ी, मोहनपुर एवं कमालपुर में बनने वाले 33 केवी सब स्टेशन का बनने का काम लगभग पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही ये सब स्टेशन काम करना शुरू कर देंगे।
30 गांवों का लोड होगा शिफ्ट
इसी के साथ नेहरूगढ़ 33 केवी सब स्टेशन को मिलाकर करीब 30 गांवों का लोड इन सब स्टेशन पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। वहीं इंडस्ट्रियल एरिया-द्वितीय, धारण एवं भांडोर में भी तीन केवी सब स्टेशन 2017 में ही काम पूरा होना है। इसी के साथ भाड़ावास, अहरोद, पाल्हावास, गुड़ियानी, बिसोहा एवं धारूहेड़ा सब स्टेशन की भी कार्यक्षमता बढ़ाई जानी है। इन सभी सब स्टेशनों पर काम पूरा होने के बाद ओवरलोड चल रहे सब स्टेशन को राहत मिलेगी। जिससे लोगों को गर्मी के दिनों में बिजली कट संकट से लाभ मिलेगा।
मार्च तक रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ एवं सिरसा के सभी गांवों में 24 घंटे बिजली देने के लिए छह महीने का एक्शन प्लान तैयार किया गया है। सभी जिलों में टेंडर छोड़ दिए हैं। जल्द ही म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत काम शुरू हो जाएगा। सीएम का मानना है कि गांव में 24 घंटे बिजली मिलने से गांव से शहरों की ओर पलायन रोकने के साथ ही गांव का विकास हो पाएगा।
-शत्रुजीत कपूर, सीएमडी, बिजली निगम
सीएमडी की घोषणा के तहत सितंबर से लेकर मार्च तक बचे हुए सभी 54 फीडरों का काम पूरा कर लिया जाएगा। म्हारा गांव जगमग गांव योजना को पूरा करने के लिए सभी कर्मचारी पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। बीते सात महीनों में 13 करोड़ रुपये से अधिक की चोरी पकड़ी जा चुकी है। जिससे जिले का लाइनलॉस सात फीसदी घटकर 21 फीसदी पहुंच गया है। गांव का लोस 45 फीसदी से 20 फीसदी तक लाने के लिए 31 करोड़ रुपये का टेंडर कर दिया है।
राजकुमार जाजौरिया, एसई, रेवाड़ी सर्कल