सेना भर्ती में फेल होने वालों ने किया हंगामा, पुलिस ने भांजी लाठियां
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। राजीव गांधी स्टेडियम में चल रही सेना भर्ती में बुधवार को सोनीपत और खरखौदा के अभ्यर्थियों ने दम दिखाया। भर्ती के दौरान फेल हुए अभ्यर्थियों और उनके साथियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने पहले उन्हें समझाया, लेकिन स्थिति काबू से बाहर होने पर लाठियां भांजकर कर खदेड़ा गया।
फिजिकल के लिए हर रोज की तरह रात दो बजे एंट्री शुरू की गई। सुबह सात बजे तक एंट्री के बाद फिजिकल प्रक्रिया शुरू हुई। दोनों तहसीलों से पहुंचे करीब पांच से छह हजार अभ्यर्थियों में से लगभग 80 फीसदी फेल हो गए। फेल होने वाले अभ्यर्थियों को बाहर निकाल दिया। इसके बाद इन अभ्यर्थियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हंगामा शुरू कर दिया। मैदान की चारदीवारी के पास खड़े होकर शोर मचाने लगे। हालांकि कुछ अभ्यर्थियों ने अंदर दौड़ रहे अपने साथियों का हौसला बढ़ा रहे थे तो कुछ फिजिकल प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे थे। माहौल बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सभी को वहां से हटने के लिए कहा, लेकिन काफी देर तक भी शोर-शराबा करने वाले वहां से नहीं हटे। तब जाकर पुलिस को लाठियां भांजकर सभी को वहां भगाया। गौरतलब है कि पिछले दो दिन से फिजिकल में फेल होने वाले अभ्यर्थी अपने साथियों के साथ मिलकर हंगामा कर रहे हैं।
दिन भर चलती रही मेडिकल प्रक्रिया
सोनीपत और खरखौदा तहसील के अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण फिजिकल आम दिनों के मुकाबले देरी से पूरा हुआ। इसके बाद फिजिकल में पास होने वाले सभी अभ्यर्थियों को मेडिकल के लिए रखा गया। दिनभर मेडिकल प्रक्रिया चलती रही।
आज होगा आरक्षित दिवस
पानीपत और सोनीपत जिले की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 27 जुलाई को आरक्षित रखा गया है। वीरवार को सभी बचे हुए अभ्यर्थियों का मेडिकल ओर अन्य प्रक्रिया कराई जाएगी। इसके बाद 28 जुलाई को झज्जर जिले की बहादुरगढ़ और मातनहेल तहसील, 29 जुलाई को झज्जर और बेरी और 30 जुलाई को रोहतक और कलानौर तहसील के युवाओं को बुलाया गया है। 31 जुलाई को महम और सांपला के युवाओं का फिजिकल कराया जाएगा। एक और दो अगस्त को बैकलॉग में रहने वाले युवाओं की डॉक्टरी कराई जाएगी।