पार्षदों ने आदर्श शहर बनाने का लिया संकल्प
चरखी दादरी। नगर पार्षदों का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर मंगलवार को चेयरमैन के साथ बैठक हुई। इस दौरान चेयरमैन संजय छपारिया व पार्षदों ने मिलकर चरखी दादरी को आदर्श शहर बनाने का संकल्प किया।
बैठक में पार्षद रविंद्र सिंह गुप्ता ने शहर के प्राचीन श्यामेश्वर तालाब को दर्शनीय स्थान बनाने, पार्षद मनोज वर्मा ने शहर में जिला स्तरीय लाइब्रेरी खोलने के बारे में सुझाव दिया। पार्षद महेश गुप्ता ने बच्चों व युवाओं के लिए स्वीमिंग पूल बनाने की बात कही। पार्षद प्रतिनिधि विरेंद्र ने मास्टर हुक्कम सिंह पार्क में बच्चों के लिए व्यायाम के उपकरण लगाने की मांग रखी। पार्षद आनंद महराणा ने डोर-टू-डोर कचरा उठान के लिए ओवर ऑटो टिपर खरीदने का सुझाव दिया।
बैठक में चेयरमैन संजय छपारिया ने पार्षदों को बताया कि शहर में 6.78 लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण, डोर-टू-डोर कचरा उठाने के लिए 8.90 लाख की लागत से दो ऑटो टिपर की शुरुआत की गई है। सभी वार्डों में 71.43 लाख के मरम्मत के कार्य जारी हैं, 9.90 लाख की लागत से डस्टबिन खरीदे जा चुके हैं, 20.01 लाख की लागत से नालों की सफाई का कार्य, 15.18 लाख की लागत के मोबाइल टॉयलेट व पांच करोड़ के विकास कार्य के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। करीब पांच करोड़ 20 लाख के टेंडर भी शीघ्र ही जारी कर दिए जाएंगे।