लिफ्ट लेकर स्कूल क्लर्क की जेब से उड़ाया पर्स
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
दो युवकोें ने लिफ्ट लेने के बहाने निजी स्कूल के एक क्लर्क की जेब से पर्स चोरी कर लिया। इस संबंध में सदर थाने में केस दर्ज किया गया है।
सोनीपत के गांव रूखी निवासी सतबीर ने बताया कि वह जसिया के एक निजी स्कूल में क्लर्क है। शनिवार सुबह वह बुलेट बाइक से किसी काम से सनसिटी जा रहे थे। जब वह रोहतक टोल प्लाजा से निकलकर शिक्षा भारती स्कूल के पास पहुंचे तो दो लड़के सड़क पर खड़े थे। दोनों ने हाथ से इशारा करके बाइक रुकवा ली। एक लड़के ने कहा कि उसका पेपर है। कुछ दूर तक लिफ्ट देने को कहा। इस पर सतबीर ने दोनों को बैठा लिया। दोनों युवक लाढ़ौत चौक बाईपास पर उतर गए। उनके जाने के बाद सतबीर ने जेब में हाथ डाला तो पर्स गायब था। पर्स में 6500 रुपये और जरूरी दस्तावेज थे। सतबीर ने दोनों युवकों पर ही चोरी कर शक जाहिर किया है।