अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के पहले दिन मंगलवार को जिले में कोई खास असर नहीं दिखा। बैंक, डाकघरों में हड़ताल जरूर प्रभावी दिखी पर राज्य सरकार के विभागों में इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं दिखा। बिजली व रोडवेज विभाग में कामकाज सामान्य दिनों की तरह ही हुआ।
हड़ताली कर्मचारियों ने ताज पार्क पर धरना दिया और सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की। वहीं, किसी तरह के विरोध से निपटने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सतर्क रहे। बिजली सब स्टशेन, बस अड्डे पर पुलिस तैनात रही। वहीं कर्मचारियों पर नो वर्क नो पे आर्डर भी लागू किया गया। इसके लिए अधिकारिक तौर पर कर्मचारियों को चेतावनी भी दी गई।
मंगलवार को हड़ताल के पहले दिन जिला भर के अधिकतर बैंकों के कर्मी भी हड़ताल पर रहे, जिससे कामकाज ठप सा रहा तो अनेकों शाखाओं में सामान्य रूप से भी कामकाज चलता रहा। एसबीआई की रेलवे रोड व पंचायत भवन में स्थित मुख्य शाखाओं में कामकाज सामान्य दिनों की तरह चलता रहा।
वहीं, रेलवे रोड स्थित मुख्य डाकघर में हड़ताल का पूर्ण असर दिखाई दिया, जहां कुर्सियां खाली पड़ी रही तो लोग काम न होने पर मायूसी के साथ वापस लौटते रहे। वहीं इस्माईलाबाद में सभी सरकारी बैंकों में काम काज बंद रहा, जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंकों में हड़ताल के चलते लोगों ने एटीएम मशीनों की तरफ रुख किया ।