अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। बुधवार देर रात शाहाबाद जीटी रोड पर ईजी डे के साथ स्थित नागपाल ऑटो मोबाइल के शोरूम में आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट बताया जा रहा है। आग से लाखों रुपये के ऑटो पार्ट्स जलकर राख हो गए। शोरूम मालिक सुखदेव नागपाल के अनुसार 50 लाख से ज्यादा का ऑटो पार्ट्स तीसरी मंजिल पर पड़ा था। लेकिन नुकसान का सही आंकड़ा आग बुझने के बाद ही पता चल सकेगा।
शोरूम के मालिक सुखदेव सिंह नागपाल ने बताया कि वह शाम को शोरूम बंद करके घर गए थे। करीब साढे़ 8 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके शोरूम की तीसरी मंजिल से आग की लपटें उठ रही हैं। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझाने के लिए दीवार तोड़ी
जहां आग लगी वह मंजिल पूरी तरह से बंद थी। जिस कारण वहां पानी डालने से धुआं ही धुआं हो गया। जिस कारण फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने दीवार के कुछ हिस्से को तोड़ा। इसके बाद आग बुझाने के लिए मशक्कत शुरू कर दी। आग बुझाने के लिए शाहाबाद के अलावा कुरुक्षेत्र से भी गाड़ियां पहुंचीं।
पहली मंजिल पर है टीवीएस शोरूम, दूसरी पर सर्विस स्टेशन
नागपाल ऑटोमोबाइल की पहली मंजिल पर टीवीएस मोटरसाइकिल व एक्टिवा का शोरूम है जबकि दूसरी मंजिल पर सर्विस स्टेशन है। तीसरी मंजिल पर ऑटो पार्ट्स का शोरूम था। यहां पर करीब 50 से 60 लाख के ऑटो पार्ट्स पड़े थे।
फटे पाइप के सहारे बुझाई आग, रोष पर आया नया पाईप
आग बुझाने के लिए जब पहली दमकल गाड़ी पहुंची तो उसका पाइप 12 से 15 स्थानों पर फटा था और जहां से पानी बह रहा था। पाइप के हालात देखकर लोगों ने रोष व्यक्त किया। जब जाकर दूसरी गाड़ी के साथ नया पाइप आया।