सड़क हादसे में घायल यात्री को तड़पता देखकर खून देकर बचाई थी जान फिर रक्तदान को बना लिए मिशन, अब तक लगाए 116 शिविर
-मां दानो देवी धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन तस्वीर सिंह हुड्डा बस स्टैंड पर लगाते हैं रक्तदान शिविर, रोडवेज प्रबंधक बोले-करेंगे सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। समाजसेवा तो कोई सांघी गांव के दिव्यांग तस्वीर हुड्डा से सीखे। वर्ष 2011 में बस हादसे में एक यात्री के घायल होने के बाद जब खून नहीं मिला तो तस्वीर ने न सिर्फ उसकी खून देकर जान बचाई, बल्कि किसी अन्य को खून की कमी होने पर तुरंत खून उपलब्ध कराया जा सके, इसके लिए रक्तदान शिविर लगाने का निर्णय लिया। अब तक तस्वीर हुड्डा बस स्टैंड व अन्य स्थानों पर 116 रक्तदान शिविर लगा चुके हैं। रोडवेज महाप्रबंधक ने तस्वीर हुड्डा को सम्मानित करने घोषणा की है।
मूल रूप से सांघी गांव निवासी तस्वीर सिंह हुड्डा रोडवेज में सीनियर मैकेनिक हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1983 में पानीपत में हुए एक हादसे में उनका एक हाथ काटना पड़ा था। तस्वीर ने बताया कि 2011 में वह बस से घर जा रहे थे। इसी बीच बस में सवार एक युवक खिड़की पर खड़े होने के कारण सड़क पर जा गिरा। इससे वह घायल हो गया। उसका काफी खून बह रहा था, घायल को पीजीआई ले जाया गया, मगर घायल को खून नहीं मिला। तब उसकी जान बचाने के लिए तस्वीर हुड्डा ने रक्तदान किया। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों को खून की कमी न हो, इसके लिए मां दानो देवी धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट का गठन किया। उसके चेयरमैन बने और बस स्टैंड व अन्य स्थानों पर अब तक 116 रक्तदान शिविर लगा चुके हैं।
बोले अधिकारी
रोडवेज के सीनियर मैैकेनिक व मां दानो देवी धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन तसवीर सिंह हुड्डा सराहनीय कार्य कर रहे हैं। अब तक 116 शिविर लगा चुके हैं । इसके लिए विभाग जल्द ही तस्वीर को सम्मानित करेगा।
-राहुल जैन रोडवेज महाप्रबंधक, रोहतक