रोहतक व झज्जर के लोगों को मिलेगा 35 किलोमीटर का नया सड़क मार्ग
- नेशन हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से फोर लेन हाइवे का निर्माण किया जाएगा
- जींद-करनाल, जींद-मुंढाल-भिवानी और जींद-गोहाना सड़क मार्ग का होगा चौड़ीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
हरियाणा सरकार की ओर से जल्द ही रोहतक-झज्जर के लोगों को 35 किलोमीटर का नया सड़क मार्ग तैयार किया जाएगा। इस फोर लेन मार्ग का निर्माण नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से किया किया जाएगा। इसके निर्माण में करीब 718 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके साथ ही जींद-करनाल, जींद-मुंढाल-भिवानी और जींद-गोहाना सड़क मार्ग का चौड़ीकरण होने के साथ ही सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने बताया कि रोहतक और झज्जर के लोगों को रोहणा, सांपला और झज्जर तक लगभग 35 किलोमीटर फोर लेन सड़क मार्ग बनाया जाएगा। यह सड़क मार्ग रोहणा से सांपला बाईपास रोहतक शहर की तरफ लगभग 9 किलोमीटर होगा, जो सीधा झज्जर जाएगा। इस फोर लेन सड़क मार्ग पर डिवाइडर के साथ पौधे भी लगाए जाएंगे। इस सड़क मार्ग से रोहतक में व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। इसके साथ ही सरकार ने कई सड़क मार्गों के चौड़ीकरण के साथ ही उन्हें मजबूत करने की भी स्वीकृति दी है। जींद-करनाल सड़क मार्ग को मजबूत एवं चौड़ा बनाने के साथ-साथ इसका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसमें करीब 198.91 करोड़ रुपये की लागत आएगी। जींद-मुंढाल-भिवानी सड़क मार्ग को सशक्त बनाने के लिए 183 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। यह मार्ग करीब 62 किलोमीटर लंबा है। जींद-गोहाना सड़क मार्ग भी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सुपुर्द किया गया है। करीब 50 किलोमीटर के इस मार्ग को 132.55 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ा किया जाएगा।