होली पर हुड़दंगबाजी की तो होगी कार्रवाई
रोहतक।
होली पर हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजरें रहेंगी। इस पर्व के नाम पर हुड़दंगबाजी मचाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। इसके अलावा टीमें गठित कर दी है, जो शहर की हर गतिविधि पर नजर रखेंगी। होली के उल्लास में लोगों की खुशियों में कोई खलल न पड़े इसके लिए पुलिस पूरी तरह तत्पर है। शहर के हर चौक व चौराहे पर पुलिस कर्मी की तैनाती की जाएगी। इस संबंध में सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। पीसीआर के साथ-साथ राइडर शहर की हर कालोनी में गश्त करेंगे। शराब पीकर हो-हल्ला मचाने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
चप्पे चप्पे पर सादे कपड़ों मेें रहेगी पुलिस
आपसी मेलजोल व सामाजिक भाईचारे के प्रतीक होली पर्व के पावन उत्सव के मद्देनजर जिला में शांति व कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं । होली के त्योहार के दौरान असामाजिक व शरारती तत्व आपसी भाईचारा एवं शाति को भंग करने की कोई हरकत नहीं करें इसके लिए जिला के चप्पे चप्पे पर सादे कपड़ों में पुलिस की कड़ी चौकसी की गई है। शांति भंग करने तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे जिला के चप्पे चप्पे पर कड़ी निगरानी तथा चौकसी रखने के लिए जिला पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं । संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए पुलिस को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है ।
जबरन रंग लगाने वाले पर भी होगी कार्रवाई
होली व फाग के पावन त्योहार पर यदि कोई शरारती तत्व आने जाने वाले वाहनों अथवा राहगीरों या अन्य किसी व्यक्ति के साथ किसी प्रकार की कोई जबरदस्ती करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील विशेषकर घनी आबादी वाले स्थानों पर नाकाबंदी सहित पैदल गश्त की जाएगी। महिलाओं एवं लड़कियों के साथ किसी तरह की कोई बदसलूकी अथवा छेड़खानी न हो इसके लिए महिला पुलिस की भी तैनाती की जाएगी। यातायात को सुचारु चलाए रखने विशेष चेकिंग के लिए यातायात पुलिस को भी तैनात किया गया है।