रोहतक। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह ढेसी वीरवार को अचानक हिसार जाते समय रोहतक पहुंच गए। डीसी आफिस में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर निगम अधिकारियों की मीटिंग ली और जल्द प्रोजेक्ट की दूसरी रिपोर्ट भेजने की हिदायत दी। डीसी डा यश गर्ग ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र की महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत गरीब परिवारों को मकान बनाकर दिए जा रहे हैं। पहले चरण की रिपोर्ट बनाकर सरकार के पास भेज दी गई है। अब दूसरे चरण की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। मुख्य सचिव ने पूरी योजना की गहराई से समीक्षा की और संतुष्टि व्यक्त की। मीटिंग में निगम आयुक्त प्रदीप कुमार, सीटीएम महेंद्र पाल और डीटीपी केके वार्ष्णेय भी मौजूद रहे।