सर्दी में बाजारों की सुरक्षा को लेकर एसपी ने व्यापारी नेताओं के साथ की मीटिंग, बताई संसाधनों की कमी
रोहतक। बढ़ती सर्दी में बाजारों के अंदर व्यापारियों की जान-माल की सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक पंकज नैन ने शनिवार को व्यापारी नेताओं के साथ मंथन किया। मीटिंग में एसपी ने सीमित संसाधन होने की मजबूरी बताकर व्यापारियों से कहा कि हर मार्केट में 300 से ज्यादा व्यापारी हैं। हर रोज एक व्यापारी राइडर के साथ गश्त करे तो छह माह में भी सबका नंबर नहीं आएगा। व्यापारियों ने मना करते हुए कहा, जनाब दिन में कारोबार करके रात को कैसे गश्त करेंगे। आखिर में तय हुआ कि बाजारों के चौकीदार और राइडर के बीच तालमेल स्थापित करके संभावित वारदातों को रोका जाए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दोपहर दो बजे शहर के मार्केट प्रधानों को बुलाया गया, जिसमें किला रोड से व्यापारी नेता रमेश पुनियानी, शौरी मार्केट प्रधान गुलशन ईशपुनियानी, रेलवे रोड व्यापारी नेता हेमंत बख्शी, भाजपा पार्षद एवं व्यापारी नेता अजय जैन उर्फ टाटू, गांधी कैंप व्यापारी नेता बलदेव राज मिगलानी, शौरी मार्केट के व्यापारी नेता राजीव मल्होत्रा, मार्बल एवं ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान राजू भुटानी सहित करीब 40 व्यापारी नेता शामिल रहे। एसपी पंकज नैन ने साफ कहा कि सर्दी के मौसम में चोरी की वारदात बढ़ना लाजमी हैं। ऐसे में पहले ही व्यापारियों और पुलिस को मिलकर संभावित वारदातों को रोकना है। तालमेल बैठाने के लिए व्यापारियों और पुलिस को मिलकर काम करना होगा। मीटिंग में आर्य नगर थाने को छोड़कर सिटी, सिविल लाइन, अर्बन एस्टेट, शिवाजी कालोनी व पीजीआईएमएस के थाना प्रभारी मौजूद रहे।
शहर में 52 मार्केट, 20 राइडर, 15 पीसीआर
नगर निगम की जनगणना के मुताबिक शहर की जनसंख्या 5 लाख से ज्यादा हो गई है। जबकि पुलिस के मात्र पूरे जिले में ही 2100 पुलिसकर्मी हैं। सिटी के अंदर 52 मार्केट हैं, जहां गश्त करने के लिए मात्र 20 पुलिस राइडर व 15 पीसीआर हैं। हालांकि हर रोज संबंधित थाने व पुलिस चौकी के ड्यूटी आफिस की भी गश्त के लिए ड्यूटी लगाई जाती है। साथ ही हर सप्ताह थाना प्रभारी भी गश्त करता है। इसके बावजूद भी डेढ़ लाख दुकानों की सुरक्षा पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
पुलिस आगे आए, व्यापारी सहयोग को तैयार
पुलिस को बाजारों के अंदर प्लानिंग के तहत गश्त करनी होगी। व्यापारी पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। किला रोड बाजार में पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी सुनीता के साथ मिलकर प्लानिंग तैयार की जा रही है। चार जगह सीसीटीवी कैमरे चिह्नित किए जा रहे हैं, जहां चौकीदार और राइडर हर रोज रजिस्टर में हाजिरी लगाएंगे।
- रमेश पुनियानी, व्यापारी नेता किला रोड बाजार
सभी मार्केट में सीसीटीवी कैमरे लगाए प्रशासन
वारदात रोकने में सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका है। निगम ने मुख्य चौक और चौराहों पर तो कैमरे लगा दिए, लेकिन मार्केटों के अंदर कैमरे नहीं लगे हैं। वहां भी कैमरे लगाए जाएं। राइडर और चौकीदार के बीच तालमेल बनाकर चोरी रोकने के लिए वे तैयार हैं।
राजू भुटानी प्रधान मार्बल एवं ट्रेडर्स एसोसिएशन घनीपुरा
लगाए सीसीटीवी, 15 चौकीदार नियुक्त
शौरी मार्केट में चोरी की वारदात रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, न केवल मार्केट के व्यापारियों ने मिलकर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं, बल्कि 15 चौकीदार भी रखे हुए हैं। पुलिस राइडर को चौकीदारों के मोबाइल नंबर से लेकर पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
- गुलशन ईशपुनियानी, प्रधान शौरी मार्केट
माहौल बेहतर हो तो व्यापारी गश्त को भी तैयार
सात साल पहले व्यापारी पुलिस के साथ मिलकर न केवल गश्त करते थे, बल्कि घरों में जाकर पुलिस के साथ असामाजिक तत्वों की पहचान भी करते थे। व्यापारी पुलिस के साथ अब भी गश्त करने के लिए तैयार हैं। बशर्ते माहौल सुरक्षित लगे। चौकीदार और पुलिस राइडर की हाजिरी सीसीटीवी कैमरों के सामने लगाने की योजना कारगर रहेगी। इसका ईमानदारी से पालन होना चाहिए।
- गुलशन निझावन, प्रधान पालिका बाजार एसोसिएशन
सीसीटीवी में चेहरा दिखाकर हाजिरी लगाएंगे राइडर, चौकीदार
- हर रोज सुबह मार्केट प्रधान सीसीटीवी कैमरे की करेगा जांच
- व्यापारियों से मांगे प्वाइंट, गश्त न मिलने पर व्यापारी कर सकेंगे एसपी से सीधी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
सर्दी में चोरी की वारदात रोकने के लिए एक मार्केट में चार या पांच जगह प्वाइंट बनाए जाएंगे, जहां सीसीटीवी कैमरे के सामने पुलिस राइडर और चौकीदार रजिस्टर के अंदर अलग-अलग समय पर तीन बार हाजिरी लगाएंगे। हर रोज सुबह मार्केट प्रधान उन कैमरों की फुटेज की जांच करेगा। अगर राइडर गश्त करती दिखाई नहीं देती तो व्यापारी सीधे पुलिस के आला अधिकारियों को शिकायत कर सकते हैं। एसपी कार्यालय में व्यापारी नेताओं और पुलिस अधीक्षक पंकज नैन के बीच हुई मीटिंग में यह फैसला हुआ।
चोरी की वारदात पिछले साल के बराबर
पुलिस रिकॉर्ड पर नजर डाले तो पिछले साल जनवरी से अब तक 411 के करीब वारदात हुई, जबकि इस साल का आंकड़ा अब तक 400 तक पहुंच गया है। जबकि वाहन चोरी की वारदात इसे दोगुनी हैं। ऐसे में पुलिस पहले की सक्रियता दिखाकर ठंड में संभावित चोरी की वारदात रोकने का प्लान बना रही है। योजना कामयाब रहेगी, यह तो समय ही बता पाएगा।
व्यापारी नेता बोले - सरकारी कैमरों में क्वालिटी नहीं
मीटिंग में रेलवे रोड के व्यापारी नेता हेमंत बख्शी ने बाजारों में लगे सरकारी कैमरों की क्वालिटी पर सवाल उठाया। कहा कि, अच्छी तरह से कैमरे वाहन का नंबर रीड नहीं कर पा रहे हैं। रात के समय तो दिक्कत और ज्यादा बढ़ जाती है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि क्वालिटी ठीक है। अगर किसी तो देखनी है तो पुलिस कंट्रोल रूम में जाकर देख सकते हैं। हालांकि कोई व्यापारी कंट्रोल रूम में नहीं गया।
ओल्ड सिटी की मार्केट सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील
शहर में ओल्ड सिटी एरिया की मार्केट सुरक्षा के लिहाज से ज्यादा संवेदनशील हैं। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक सिटी थाने में चोरी के सबसे ज्यादा केस दर्ज हुए हैं, जहां किला रोड, शौरी मार्केट, रेलवे रोड, झज्जर रोड, शिवाजी कालोनी, हिसार रोड, गोहाना अड्डा, भिवानी रोड से लेकर सुखपुरा चौक तक की मार्केट आती हैं। यहां पर न केवल बाजार तंग हैं, बल्कि छोटी-छोटी गलियां हैं। जबकि माडल टाउन से सेक्टर के पाश इलाकों में खुला एरिया हैं। यहां पर पुलिस गश्त करके अच्छी तरह चोरों पर नजर रख सकती है, लेकिन पुराने सिटी एरिया में लगातार सक्रियता दिखानी होगी।
वर्जन
व्यापारियों के साथ मीटिंग सकारात्मक रही। सर्दी के मौसम में चोरी की वारदात बढ़ने की संभावना रहती है। वारदात रोकने के लिए व्यापारी और पुलिस मिलकर काम करेंगे। संबंधित थाना प्रभारी अपने एरिया के व्यापारी नेताओं के साथ मिलकर प्लान बना रहे हैं।
- पंकज नैन, पुलिस अधीक्षक