हरे पेड़ काटने से रोका तो वन विभाग के गार्ड को धुना, वर्दी फाड़ी, मोबाइल भी तोड़ा
चरखी दादरी।
हरे पेड़ काटने से ग्रामीणों को रोकना वन विभाग के एक गार्ड को वीरवार सुबह भारी पड़ गया। नियमों को ताक पर रखकर पेड़ काटने की जब गार्ड ने वीडियो बनाने का प्रयास किया तो इससे खफा मौड़ी गांव के कुछ ग्रामीणों ने उसकी धुनाई कर डाली। इस दौरान गार्ड की वर्दी भी फाड़ दी और उसकी डंडों से पिटाई की गई। गार्ड ने इसकी सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को दी। घायल गार्ड मीर सिंह को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, वन विभाग अधिकारियों ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को भी दी है। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल गार्ड मीर सिंह ने बताया कि उसे उच्चाधिकारियों ने रामनगर बीट की जिम्मेवारी सौंप रखी है। उसने बताया कि वह एक्स सर्विस मैन है और तीन साल पहले ही वन विभाग में भर्ती हुआ था। गार्ड मीर सिंह ने बताया कि पिछले लंबे समय से रामनगर बीट इंचार्ज है और वीरवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गश्त करने अपनी बीट में गया था। उसने बताया कि वह मौड़ी गांव के समीप पहुंचा तो वहां सड़क किनारे कुछ ग्रामीण हरे पेड़ काट रहे थे। मीर सिंह ने बताया कि उसने उक्त ग्रामीणों को ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने उसकी बातों को अनसुना कर दिया। गार्ड ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद जब उक्त ग्रामीणों ने पेड़ कटाई नहीं रोकी तो उसने यह माजरा कैद करने के लिए अपना मोबाइल निकालकर उनकी वीडियो बनानी शुरू कर दी। इससे उक्त ग्रामीण तैश में आ गए और उसके पास आ पहुंचे। गार्ड मीर सिंह ने बताया कि उक्त ग्रामीणों ने बिना कोई बात किए उससे हाथापाई शुरू कर दी। गार्ड का आरोप है कि उक्त लोगों ने उसकी वर्दी भी फाड़ डाली। मीर सिंह का कहना है कि सबूत के तौर पर उसने जो पेड़ कटाई की वीडियो बनाई थी, उक्त ग्रामीणों ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ डाला। मीर सिंह का आरोप है कि उक्त ग्रामीणों ने उसकी डंडों से पिटाई भी की और इसके बाद वो घायलावस्था में उसे छोड़कर वहां से चले गए। इसके बाद गार्ड ने मामले की सूचना रेंजर जयपाल राठी को दी। इसके तुरंत बाद वन विभाग के कर्मचारी भी घायल गार्ड के पास पहुंचे। उपचार के लिए घायल को दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, वन विभाग के अधिकारियों ने मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को देने के बाद इस संबंध में लिखित शिकायत भी सौंपी। पुलिस ने इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
वर्जन::
गार्ड मीर सिंह पर कुछ ग्रामीणों ने हमला कर उसकी वर्दी फाड़ डाली। हमले में उसे चोटें आई और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हमलावरों ने पेड़ कटाई के सबूत मिटाने के लिए गार्ड का मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया। हमने सदर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है।
जयपाल राठी, रेंजर वन विभाग
वर्जन::
पुलिस के पास इस संबंध में शिकायत पहुंची है। जल्द से जल्द घायल के बयान दर्ज किए जाएंगें और पुलिस जल्द ही कार्रवाई अमल में लाएगी।
सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता