रोहतक। निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिले के सभी 211 प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक के लगभग 18,000 विद्यार्थियों के लिए दक्षता आधारित मूल्यांकन परीक्षा होगी।
23 से 28 मई तक होने वाली परीक्षा का उद्देश्य छात्रों के सीखने के स्तर का आकलन करना और उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सहायता प्रदान करना है। कक्षा तत्परता कार्यक्रम (सीआरपी) के सफल संचालन के बाद यह मूल्यांकन हिंदी और गणित विषयों में उन अधिगम दक्षताओं पर केंद्रित होगा, जिन्हें कार्यक्रम के दौरान लागू किया गया था। यह परीक्षा प्रत्येक छात्र की दक्षता-आधारित अधिगम स्थिति का स्पष्ट मूल्यांकन करने में मदद करेगी।
जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह ने कहा यह मूल्यांकन परीक्षा यह जानने में मदद करेगी कि छात्रों में कौन-कौन सी अधिगम दक्षताओं की आवश्यकता है। इसके माध्यम से हम उनके अधिगम स्तर को सुदृढ़ कर पाएंगे तथा उन क्षेत्रों की पहचान कर सकेंगे जहां सुधार की जरूरत है।
जिला निपुण समन्वयक रूपांशी हुड्डा ने बताया यह परीक्षा जिला रोहतक के सभी प्राथमिक विद्यालयों में आयोजित की जा रही है। राज्य स्तर से हिंदी और गणित के प्रश्नपत्र सभी विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए हैं। परीक्षा के उपरांत विद्यालय स्तर पर प्रत्येक छात्र की दक्षता-वार जानकारी को रिकॉर्ड कर गूगल फॉर्म के माध्यम से राज्य को भेजा जाएगा।