रोहतक। जिले में मंगलवार देर रात हुई 1.8 एमएम बारिश के कारण बुधवार को भीषण गर्मी व लू से राहत मिली। दिनभर मौसम साफ रहा। धूप के साथ ठंंडी हवाओं ने आमजन को राहत दी। हालांकि, दोपहर तक तेज धूप के साथ हवाओं की ठंडक भी कम होती रही। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह सामान्य तापमान से दो डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य तापमान की अपेक्षा एक डिग्री सेल्सियस कम है। 29 अप्रैल देर रात तक बारिश होने के आसार हैं
जिले में वीरवार को बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव होेने के आसार नहीं है। अगले दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने के आसार हैं।
वहीं उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हिदायतों के पालन के निर्देश दिए हैं। लू से खतरा लगातार बढ़ रहा है जिसका स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ सकता है। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी व तरल पदार्थों का सेवन करें। तेज धूप में विशेषकर दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचें।