फरवरी माह में पार्किंग चलाने की तैयारी, चंडीगढ़ से मिली हरी झंडी
किला रोड के व्यापारी फ्री में मांग रहे थे पार्किंग, निगम हाउस ने किया इंकार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
भगत सिंह पार्किंग की ओपन बोली नहीं होगी। निगम इसके लिए ऑन लाइन टेंडर भरवाएगा। जो एजेंसी शर्तों को पूरा करेगी, निगम उसे पार्किंग चलाने की जिम्मेदारी दे देगी। इसके लिए जनवरी माह के आखिरी सप्ताह में टेंडर लगाया जाएगा। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में सांसद दीपेंद्र हुड्डा, शादीलाल बतरा व पूर्व विधायक बीबी बतरा ने भगत सिंह पार्क की जगह कामर्शियल कांप्लेक्स एवं अंडर ग्राउंड पार्किंग का शिलान्यास 2010 में किया था। इसका निर्माण कार्य 2014 में संपन्न हुआ। भाजपा राज में 4 अप्रैल 2017 को सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कांप्लैक्स व पार्किंग का उद्घाटन भी कर दिया, लेकिन अब तक निगम इसे चालू नहीं कर सका है। किला रोड के व्यापारी जहां फ्री में पार्किंग मांग रहे हैं, लेकिन नगर निगम हाउस इसके पक्ष में नहीं है। 28 नवंबर 2017 को हाउस की मीटिंग में तय हुआ कि पार्किंग खुली बोली के माध्यम से दी जाए। सूत्रों का कहना है कि ओपन बोली में विवाद हो सकता है। साथ ही शहर की सियासत भी गरमा जाएगी। इसके चलते निगम ने आन लाइन आवेदन मांगने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने बताया कि इसको लेकर अधिकारियों की दो बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ मीटिंग हो चुकी है।
22 को टीम करेगी रिकार्ड की जांच
स्वच्छता अभियान के तहत 22 जनवरी को केंद्रीय टीम रोहतक आ रही है। तीन दिन तक टीम रोहतक में रहकर जांच पड़ताल करेगी। पहले दिन निगम के रिकार्ड की छानबीन करेगी। निगम के पास शहर में केवल खुद की भगत सिंह पार्किंग है, जो अब तक चालू नहीं हो सकी है। ऐसे में निगम टीम को बता पाएगा कि पार्किंग जल्द चालू होने जा रही है।