राजीव गांधी खेल परिसर में स्टूडेंट्स ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से चल रहे गेम
फोटो है।
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक
खेल व्यक्तित्व के संपूर्ण विकास का माध्यम होते हैं। खेल के मैदान में ही शरीर व मस्तिष्क की क्षमताओं का आंकलन किया जा सकता है। यह कहना है प्रदेश के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु का। वे शुक्रवार को राजीव गांधी खेल परिसर मेें स्टूडेंट्स ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से आयोजित चौथे स्टूडेंट ओलंपिक नेशनल गेम 2017-18 का शुभारंभ करने आए थे।
वित्त मंत्री ने कहा कि संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास स्कूल की कक्षाओं में बैठकर नहीं, बल्कि खेल के मैदान में होता है। यहां खिलाड़ी बार-बार गिरना व संभलना सीखता है। खेलों से ही नेतृत्व कौशल का विकास होता है। खेल के मैदान से ही व्यक्ति जीत को पचाना व हार से उबरकर जीत का लक्ष्य प्राप्त करना सीखता है। खेलों से ही टीम भावना व व्यक्तिगत संघर्ष की प्रेरणा मिलती है। खेल ही एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें एक-दूसरे के साथ होड़ लगाते हुए आगे बढने का जज्बा पैदा होता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा का बच्चा व बूढ़ा खेल परंपरा से जुड़ा है। हरियाणा एक ऐसा प्रदेश है, जहां के खिलाड़ियों ने हमेशा ही अपनी मेहनत व प्रतिभा के बूते अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है। खेल में ही नहीं, शिक्षा व कला के क्षेत्र में भी हरियाणा के बेटे व बेटियां किसी से कम नहीं है। प्रदेश की जनसंख्या के अनुपात से ज्यादा हरियाणा के बच्चे खेल, शिक्षा व कला के क्षेत्र में अपना प्रतिनिधित्व दे रहे हैं। जिला परिषद चेयरमैन बलराज कुंडू ने कहा कि खेल के क्षेत्र में खिलाड़ी बुलंदियों को छू सकते हैं। खेल व्यक्तित्व विकास को नई दिशा प्रदान करता है। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल, चेयरमैन रमेश बल्हारा, डॉ. किरण कलकल, शमशेर खरक, भूषण चुघ, वजीर खोखर, अनिल खत्री, एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वीडी वनार, सचिव प्रदीप भारद्वाज, जेएन शर्मा, नगर निगम आयुक्त प्रदीप कुमार, जिला परिषद के सीईओ रविंद्र कुमार, तहसीलदार गुलाब सिंह, जिला खजाना अधिकारी राजबीर साहू मौजूद रहे।
ये रहे विजेता
स्पर्धा के पहले दिन एथलीटों के बीच कड़े मुकाबले हुए। अंडर-10 वर्ग की 60 मीटर दौड़ महाराष्ट्र की समीक्षा ने 10.87 सेकेंड में पूरा कर विजयी रही। इसी कड़ी में 100 मीटर दौड़ में हरियाणा की सारिका प्रथम, आंध्र प्रदेश की दिविजा द्वितीय व हिमाचल प्रदेश की अंजलि तृतीय रही। अंडर-12 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हरियाणा की प्रिया प्रथम, महाराष्ट्र की साक्षी द्वितीय व हरियाणा की निशु तृतीय रही। अंडर-14 वर्ग फुटबाल का पहला मैच दिल्ली व केरल के बीच हुआ। इसमें केरल 3-0 से विजयी रहा। केरल के निहाल पी ने तीनों गोल दागकर टीम को जीत दिलाई।
रोलर स्केटिंग अंडर-6 ब्वॉयज वर्ग में कर्नाटक का सुनील पहले, तमिलनाडू का तमिल माणिक दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-10 वर्ग में तमिलनाडू के खिलाडिय़ों का दबदबा रहा। इसमें प्रथम स्थान पर नवीन प्रकाश, द्वितीय पर संजय, तृतीय स्थान आदित्या के नाम रहा। अंडर 12 वर्ग में विजय वर्मा प्रथम स्थान पर रहा। अंडर-14 में ललित आदित्य, आर. रूपेश कुमार द्वितीय व आर. हरीश शंकर तृतीय स्थान पर रहा। अंडर-17 प्रतियोगिता में आर. थरनेश प्रथम, एस. रघुनाथ द्वितीय व के. कल्याण सिंह तृतीय रहा। रोलर स्केटिंग के लड़कियों के अंडर-6 वर्ग में तमिलनाडू की यशमिता प्रथम, अंडर-8 में दिल्ली की मिशिका गंगावर प्रथम व तमिलनाडु की एस. हरिणी द्वितीय रही। अंडर-10 वर्ग में कर्नाटका की सपनदाना तोरन प्रथम व एश्वर्या ए पाटिल द्वितीय रही।
शौचालय में बहता रहा पानी, जरूरत पर बूंद भी नहीं मिली
स्पर्धा में आए खिलाड़ियों को अव्यवस्था ने खासा परेशान किया। उन्हें शौचालय तक की व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिली। टोंटी टूटी होने के कारण पानी घंटों नाली में ही नहीं बहता रहा, बल्कि पूरे शौचालय में फैला रहा। इस ओर किसी ने ध्यान दिया। बाद में जरूरत पड़ने पर लोगों को हाथ तक धोने के लिए पानी नहीं मिला। शौच के लिए उन्हें खुले में जाना पड़ा।