दीनबंधु के सपनों को साकार करें युवा : चौधरी
- चौधरी छोटू राम की 136वीं जयंती पर हवन यज्ञ आयोजित
फोटो सहित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
शिक्षा ही गरीब और कमेरे वर्ग का उत्थान कर सकती है। इससे ही वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगे। दीनबंधु चौधरी छोटूराम ने शिक्षा के महत्व को समझकर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बढ़ाने के लिए शिक्षण संस्थानों की स्थापना की। हमें दीनबंधु के सपनों को साकार करना है। यह बात महारानी किशोरी कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. कृष्णा चौधरी ने शुक्रवार को चौधरी छोटूराम की 136वीं जयंती पर उनके समाधि स्थल पर आयोजित हवन यज्ञ में आहुति डालने के बाद कही।
एनआरएस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. जगदेव विद्यालंकार ने हवन के बाद शांति प्रार्थना का आयोजन किया। पूर्व प्राचार्य डॉ. जगदेव विद्यालंकार ने कहा कि दीनबंधु छोटूराम निर्भीक और स्वाभिमानी थे। बचपन में साहूकार के व्यवहार ने उनका जीवन बदल दिया था। उन्होंने उसी समय प्रण कर लिया था कि वे गरीब किसान व मजदूर को साहूकारों की प्रताड़ना से आजाद कराएंगे। उन्होंने सरकार में मंत्री बनते ही ऐसे कानून बनाए कि गरीब किसान व मजदूर को साहूकारी प्रथा से छुटकारा मिल गया। वहीं डॉ. संगीता दलाल ने कहा कि युवाओं को दीनबंधु जैसे महापुरुषों के जीवन का अध्ययन करना चाहिए ताकि वे अपने बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें। इस मौके पर जाट एचएमएएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह तोमर, जाट हाई स्कूल के प्राचार्य रामभज बजाड़, एमकेजेके कॉलेज की प्राचार्या डॉ. कृष्णा चौधरी, जाट कालेज की प्राचार्या डॉ. संगीता दलाल, मातूराम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग के डायरेक्टर व प्रशासक के ओएसडी सुनील दलाल, छोटूराम बहुतकनीकी के प्राचार्य इंजी. बलजीत हुड्डा, सीआरएम पब्लिक स्कूल की प्राचार्या सुमनलता श्योराण, सुभाष सांगवान सहित सभी जाट शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारी व विद्यार्थी उपस्थित रहे।