बॉक्सिंग के फलक पर चमकी कैथल की बिटिया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज की बॉक्सिंग खिलाड़ी नेहा ने सर्बिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अंडर 19 यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कजाकिस्तान के खिलाड़ी को हराकर कांस्य पदक जीता है। कॉलेज पहुंचने पर उसका जोरदार स्वागत किया गया।
आरकेएसडी खेल प्रशिक्षण केंद्र के बॉक्सिंग कोच राजेंद्र सिंह, विक्रम और अमरजीत से प्रशिक्षित खिलाड़ी नेहा ने अपने अंतिम मुकाबले में कजाकिस्तान की बॉक्सर को पराजित कर कांस्य पदक अपनी झोली में डाला। इसके बाद नेहा शुक्रवार को कालेज पहुंचीं। यहां पर प्र्रिंसिपल डा. ओपी गर्ग ने होनहार बिटिया को सम्मानित किया और नेहा को शानदार उपलब्धि के लिए शुभकामना दी। इस मौके पर शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डा. गुरदीप भोला भी मौजूद रहे। प्रिंसिपल ने नेहा को कालेज का नाम अंतरराष्ट्रीय फलक पर पहुंचाने के लिए विशेष बधाई दी। कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां कालेज के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित करती हैं। डा. गुरदीप भोला ने बताया कि कालेज की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा नेहा देश की उन 10 खिलाड़ियों में शुमार थीं जिन्होंने सर्बिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अंडर 19 मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इन 10 खिलाड़ियों में से हरियाणा प्रदेश के सर्वाधिक 5 खिलाड़ी शामिल थे और जिला कैथल से केवल नेहा ने ही पूरे जिले का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में हरियाणा को 2 गोल्ड, 4 सिल्वर व 4 कांस्य पदक हासिल हुए हैं जिसमें से एक कांस्य आरकेएसडी कालेज की शानदार खिलाड़ी के हिस्से आया। उन्होंने बताया कि नवंबर में गुवाहटी में आयोजित होने वाली बॉक्सिंग की विश्व चैम्पियनशिप के लिए 21 व 22 अगस्त को भोपाल में लगने वाले इंडिया कैंप में शामिल होने के लिए नेहा चयनित हुई हैं और वह इस कैंप का हिस्सा होगी। नेहा ने अपनी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह निरंतर अभ्यास और प्रयास करेगी ताकि आगे के मुकाबलों में वह स्वर्ण पदक हासिल कर सकें।