घर में घुसकर छात्रा से की चार युवकों ने छेड़छाड़
बहल। क्षेत्र के एक गांव की बीए में पढ़ने वाली छात्रा के साथ चार युवकों ने घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित छात्रा के बयान पर चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर एक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस में दिए बयान में छात्रा ने बताया कि वह गांव से जब वह कॉलेज जाती थी तो कुछ लड़के अक्सर उस पर फब्तियां कसते थे तथा उसे रोजाना परेशान करते थे। लेकिन, वह इसे सहन करती रही। मंगलवार शाम को जब वह घर पर थी तो वे लड़के उसके घर में बुरी नीयत से घुस गए तथा उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने विरोध किया तो उसे तथा उसके परिजनों को अंजाम भुगतने की धमकी दे गए। पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ आकर बहल पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने पीड़िता के बयान पर चारों आरोपियों योगेश, प्रवीन, सागर तथा आशीष के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 ए, 354 डी, 451, 506 तथा 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर गांव में दबिश दी। पुलिस ने चार में से एक आरोपी योगेश को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस थाना प्रभारी विद्यानंद ने बताया कि पुलिस केस के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।