मातूराम कम्यूनिटी के लिए निगम तय करेगा रेट, फिर शुरू होगी नई बुकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। शहर के पंजाबी समुदाय की सियासत का केंद्र बने मातूराम कम्यूनिटी सेंटर में अभी नई बुकिंग नहीं होगी। इसके लिए निगम प्रशासन पहले संचालन कमेटी गठित करके रेट तय करेगा इसके बाद बुकिंग शुरू होगी। वहीं एडवांस बुकिंग करवाने वालों से निगम में रसीद जमा करवाई गई है।
मातूराम कम्यूनिटी सेंटर में शादी समारोह के कार्यक्रम, सत्संग और कथाएं होती रहती हैं। कम्यूनिटी सेंटर के अंदर लगे सूचना पट्ट पर दिसंबर तक हुई एडवांस बुकिंग का ब्यौरा दिया हुआ है। जून से दिसंबर माह तक लोगों ने एडवांस में 40 बुकिंग करवा रखी हैं। हालांकि निगम ने एडवांस बुकिंग करवाने वालों से रसीद मांगी थी। सभी ने रसीद निगम के पास जमा करवा दी। अब संबंधित नागरिक आसानी से विवाह समारोह या दूसरा कार्यक्रम कम्यूनिटी सेंटर में कर सकेगा। जो राशि गांधी नगर वेलफेयर सोसायटी की ओर से ली गई है, उसे निगम कोर्ट के माध्यम से वसूल करेगा।
पहले कमेटी गठित की जाए, फिर रेट होंगे तय
निगम के सूत्रों का कहना है कि निगम आयुक्त की ओर से पहले कम्यूनिटी सेंटर के संचालन के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी में निगम अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित एरिया का पार्षद और विशिष्ट लोग भी शामिल हो सकते हैं। यह कमेटी कम्यूनिटी सेंटर का किराया तय करेगी। इसके बाद नई बुकिंग होगी।
एक सप्ताह में हो जाएगी व्यवस्था
अभी कम्यूनिटी सेंटर के संचालन के लिए कमेटी गठित नहीं हुई है। एक सप्ताह में नई व्यवस्था हो सकती है। इस संबंध में आला अधिकारियों को फैसला लेना है। वे कुछ नहीं कह सकते।
आनंद मित्तल, एलओ, नगर निगम