रोहतक। शहर के हिसार बाईपास पेट्रोल पंप वाली गली में चोर ने सब्जी की दुकान से 17 हजार रुपये व एक मंगलसूत्र चुरा लिया। यही नहीं, चोर ने दुकानदार को बुरी तरह पीटा। पिटाई से घायल दुकानदार सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है।
हिसार बाइपास पर सब्जी की दुकान चलाने वाले शंभू शाह का आरोप है कि वह सोमवार रात अपनी दुकान में सोया हुआ था। यहीं उसकी पत्नी भी थी। दुकान में रात करीब एक बजे चोर घुस आया। इसने दुकान में रखे 17 हजार रुपये व पत्नी का मंगलसूत्र चुरा लिया। उसके बाहर निकलते समय आंख खुल गई और चोर को पकड़ लिया। शोर मचाने पर बाहर खड़े उसके साथी भाग निकले। जबकि चोर ने अपने बचाव में हाथापाई करते हुए सिर में ईंट मार दी। इससे उसका सिर फट गया। सिर में चार टांके आए हैं। लहूलुहान हालत में वह वहीं गिर गया। इसका फायदा उठाकर चोर भाग निकला। बाद में उसकी पत्नी शंभू को अस्पताल ले गई। यहां उसका इलाज चल रहा है।