रोहतक। पुराना बस स्टैंड स्थित रामलीला पड़ाव बाल्मीकि बस्ती में बुधवार की देर रात मकान की छत भरभराकर गिर गई। इस दौरान घर में खाना खा रहे एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह घायलों को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार वाल्मीकि बस्ती के रहने वाले गुलशन मजदूरी कर परिवार का किसी तरह पालन पोषण करते हैं। बताया कि बुधवार की देर रात करीब 10 बज गुलशन, प्रिया और उनके परिवार के तीन बच्चे वीर, वंश और शिवम बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान की छत उन पर गिर गई। शोर सुनकर पड़ोसी और उन्हें मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया। उधर पीड़ित परिवार का आरोप है कि हादसा होने के बावजूद जनप्रतिनिधि या फिर प्रशासन ने उनकी सुध लेना तक मुनासिब नहीं समझा है।