विजेंद्र कौशिक
रोहतक। चुनावी मौसम में काठमंडी के व्यापारियों का दबाव कामयाब रहा। काठमंडी के उन व्यापारियों को भी 35 वर्ग गज फार्मूले के तहत प्रापर्टी टैक्स में शनिवार से छूट मिलेगी। उम्मीद है काठमंडी और लाइनपार इलाके के 150 के करीब और व्यापारियों को फैसले के चलते फायदा होगा।
झज्जर रोड स्थित काठमंडी 2005 से पहले अपरोच रोड से विश्वकर्मा स्कूल तक फैली हुई थी। 2005 में दिल्ली-रोहतक रेलवे लाइन पर ओवर ब्रिज बना दिया गया। इसके बाद काठमंडी दो भागों में बंट गई। विश्वकर्मा स्कूल की तरफ की मंडी के व्यापारियों ने काठमंडी पंचायत के नाम से संगठन बना दिया, जिसके प्रधान उमेद सिंह व कोषाध्यक्ष पिंकी यादव हैं। जबकि अपरोच रोड की तरफ मार्बल एसोसिएशन घनीपुरा के नाम से संगठन बन गया। 2014 में काठमंडी पंचायत ने तत्कालीन पार्षद जयकिशन राजोतिया को साथ लेकर तत्कालीन विधायक भारत भूषण बतरा के सामने काठमंडी के व्यापारियों को छूट देने की मांग की। मामला जब तक सिरे चढ़ता, विधानसभा चुनाव आ गए। भाजपा सरकार बनने के बाद काठमंडी के व्यापारियों ने फिर प्रयास किए। निगम हाउस में प्रस्ताव पास हुआ, जिसके तहत दुकानों में 35 वर्ग गज हिस्से को कामर्शियल तो बाकी को गोदाम माना गया। तभी से काठमंडी पंचायत से जुड़े 150 के करीब व्यापारी इस छूट का तीन वित्त वर्ष से लाभ उठा रहे हैं।
---
एक साल से लाइनपार के व्यापारी सक्रिय, अब बनी बात
मार्बल एवं टाइल व्यापारी राजू भुटानी अपरोच रोड की तरफ लाइनपार एरिया के प्रधान हैं। उन्होंने कई बार व्यापारियों को साथ लेकर आवाज उठाई। निगम आयुक्त ने ज्वाइंट कमिश्नर, जोनल टैक्स आफिसर और तत्कालीन ईओ की एक संयुक्त टीम बनाई। टीम ने रिपोर्ट बनाकर निगम को दी, लेकिन छूट देने या न देने पर फैसला अटका हुआ था। शुक्रवार को व्यापारी नेता राजू भुटानी मेयर मनमोहन गोयल से मिले। इसके बाद निगम आयुक्त आरएस वर्मा से बात की गई। एक घंटे तक निगम आयुक्त कार्यालय में मीटिंग चली। आखिर में तय हुआ कि पुरानी काठमंडी की दोनों तरफ की सीमाओं के बीच में आने वाली उन दुकानों को भी छूट का लाभ दिया जाए, जो वंचित हैं। यह सीमा अपरोच रोड से विश्वकर्मा स्कूल तक मानी गई। इसमें परिधि में वहीं दुकानें आएंगी, जो झज्जर रोड के किनारे हैं।
अर्जी दें, टैक्स ब्रांच करेगी रिपोर्ट तैयार, तब जमा होगा टैक्स
प्रापर्टी टैक्स ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि फैसला हुआ है कि सुबह तय सीमा के दायरे में आने वाले व्यापारी अर्जी देंगे। निगम की टीम मौके पर जाकर लोकेशन की जांच करेगी। इसके बाद छूट के साथ बिल जमा होगा।
घनीपुरा के व्यापारियों के लिए जारी रहेगा संघर्ष
पुरानी काठमंडी के दायरे में वंचित दुकानदारों को 35 वर्ग गज फार्मूले के तहत प्रॉपर्टी टैक्स में छूट मिलने से राहत मिली है, लेकिन घनीपुरा के बचे व्यापारियों के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।
- राजू भुटानी, प्रधान मार्बल एसोसिएशन घनीपुरा
निगम का फैसला स्वागत योग्य है। सभी व्यापारियों को सूचित कर दिया गया है। जो वंचित व्यापारी हैं, वे शनिवार और रविवार को अपना बकाया जमा करवा दें, ताकि ब्याज में छूट मिल सके।
- पिंकी यादव, कोषाध्यक्ष काठमंडी पंचायत