रोहतक में खुलेंगी एथलेटिक्स और हॉकी की डे बॉर्डिंग अकादमी
-अकादमी में एथलेटिक के 25 लड़के व हॉकी की 25-25 लड़के व लड़कियां सीखेंगे गुर
-महीने के 24 दिन 80 रुपये प्रति खिलाड़ी प्रति दिन के हिसाब से डे बोर्डिंग अकादमी में खर्च करेगा खेल विभाग
-खिलाड़ियों को मिलेगा खेल का सामान
-अप्रैल में शुरू हो जाएंगी दोनों खेलों की तीन अकादमी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। प्रदेश के युवाओं को खेल की बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से प्रदेश में डे बोर्डिंग व आवासीय सुविधाओं से युक्त खेल अकादमी खोली जा रही हैं। इसी क्रम में रोहतक में भी डे बोर्डिंग में एथलेटिक व हॉकी की तीन खेल अकादमी खोली जाएंगी। इन अकादमियों के लिए खिलाड़ियों की चयन ट्रायल आगामी पांच व छह मार्च को आयोजित होगी। इन अकादमी के शुरू होने की संभावना एक अप्रैल से है।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी सुखबीर सिंह ने बताया कि राजीव गांधी खेल परिसर में विभाग की ओर से लड़कों के लिए एथलेटिक की एक व लड़कों व लड़कियों के लिए हॉकी की एक एक डे बोर्डिंग अकादमियां खोली जाएंगी। इन अकादमियों में 25-25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन डे बोर्डिंग अकादमियों में महीने के 24 दिन प्रत्येक खिलाड़ी पर 80 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही डे बोर्डिंग अकादमियों में चयनित होने वाले खिलाड़ियों खेल विभाग प्रति वर्ष 6000 रुपये की कीमत की खेल वर्दी, ट्रैक सूट, जूते-जुराबें दिलवाएगा।
ये रहेगी चयन प्रक्रिया :
जिला युवा एवं खेल कार्यक्रम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इन अकादमियों के लिए 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ी चयन ट्रायल में भाग ले सकते हैं। यह चयन ट्रायल आगामी पांच व छह मार्च को होगी। इन अकादमियों के लिए खिलाड़ियों का चयन बैटरी टेस्ट, योग्यता व खेल उपलब्धियों के आधार पर होगा। इस चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को साथ में खेल उपलब्धियों के मूल प्रमाण पत्र, नवीनतम फोटो, 10वीं कक्षा का प्रमाण पत्र या जन्म प्रमाण पत्र साथ लेकर आने होंगे।