पानी को लेकर पटेलनगर में भिड़े दो पक्ष, थाने में पुलिस के सामने ही हुआ खूब हंगामा
- लोग अपने अपने मोहल्ले में टैंकर के पानी को ले जाने की कर रहे थे मांग
- जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, बाद में किसी तरह कराया गया मामला शांत
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। पटेलनगर में पानी के टैंकर को अपने मोहल्ले में ले जाने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। जिसमें दो महिलाएं घायल हो गई। मामला आर्य नगर तक आ पहुंचा। थाने में पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट व नोकझोंक हुई। किसी तरह उन्हें शांत कराया गया। बाद में दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दी गई। सूचना मिलने पर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे।
जानकारी के अनुसार शनिवार को पटेलनगर में प्रतिदिन की भांति पानी का टैंकर पहुंचा। बताया गया कि पानी के टैंकर को अपने अपने मोहल्ले में ले जाने को लेकर कलावती व सुरेंद्र, राजू पक्ष लोग आपस में उलझ गए। दोनों टैंकर को अपने अपने मोहल्ले में ले जाने की जिद पर आड़े थे। दोनों पक्षों के अन्य लोग भी आ गए। दोनों पक्षों में खूब नोकझोंक व मारपीट हुई। मामले की सूचना पाते ही जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मारपीट में रोशनी व रश्मी भी घायल हो गई। विभागीय कर्मचारी व अधिकारियों के साथ भी लोगों की कहासुनी हुई।
मामला आर्य नगर थाने पर आ पहुंचा। थाने पर पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों के बीच गाली गलौच व मारपीट हुई। बाद में दोनों पक्षों के गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दी।
पानी को लेकर पटेलनगर में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई। जिसके कारण कोई कार्रवाई नही की गई।
-सुनीता, एसएचओ, आर्यनगर
पाइप लाइन पड़ी है खराब
पटेलनगर की कलावती ने बताया कि मोहल्ले में लगी पाइप लाइन पिछले कई दिन से खराब पड़ी हुई है। िजसके कारण लोगों को टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ता है। बार बार मांग के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या का समाधान नहीं करा रहे है। जिसके कारण लोगों में रोष है।
एक्सईन को मामले की जानकारी ही नहीं
जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईन भानू प्रताप ने कहा कि यह मामला एसडीओ व जेई देख रहे हैं। उनसे बात कर लो। वहीं पूरे मामले की जानकारी दे सकेंगे। एसडीओ सुरेश अहलावत ने कहा कि रातभर उन्होंने काम किया है। फिलहाल सो रहे है। विवाद निपटा दिया गया है। जेई राजेश रूहेला ने कहा कि पानी को लेकर पटेल नगर में कुछ विवाद हो गया था। दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया है।