फोटो शेयर में पड़े फोल्डर कुशाग्र 30 अप्रैल में
एक पूर्व मुख्यमंत्री सजायाफ्ता, दूसरे को लेनी पड़ी जमानत: मनीष ग्रोवर
- जनसंपर्क अभियान में सहकारिता मंत्री ने पूर्व सरकारों पर साधा निशाना
- मुख्यमंत्री के रोड शो को लेकर सहकारिता मंत्री कर रहे हैं जनसंपर्क
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। शौरी कपड़ा मार्केट और पुरानी सब्जी मंत्री में मंगलवार को जनसंपर्क अभियान के दौरान सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने पूर्व सरकारों के मुख्यमंत्रियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पूर्व सरकारों का एक पूर्व मुख्यमंत्री सजायाफ्ता है तो एक पूर्व मुख्यमंत्री को जमीन घोटाले के मामले में जमानत लेनी पड़ी। मानेसर जमीन घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर से जमानत लिए जाने से हरियाणा के इतिहास में एक और काला दाग लग गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 10 वर्ष के शासनकाल में प्रदेश की जनता की खून पसीने की कमाई को लूटा गया। सीएलयू के नाम पर संपत्तियां हड़पी गईं, राजनीतिक संरक्षण अपराधी जेल में बैठकर व्यापारियों से रंगदारी और फिरौती मांगते रहे। परिवार के जिन सदस्योें को लाभ पहुंचाया गया, उनके नाम सभी को पता हैँ। उस दौर में सत्ताधारी परिवार के कुनबे आगे चलते थे और कार्यकर्ताओं को उनकी जी हजूरी करनी पड़ी, लेकिन मनोहर लाल खट्टर की सरकार में ऐसा नहीं है। वह पांच भाई और चार बहनें हैं, लेकिन आम जनता उनके नाम तक नहीं जानती है, क्योंकि वह परिवारवाद की राजनीति से परे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने परिवारवाद, क्षेत्रवाद व जातिवाद का सफाया करके सभी क्षेत्रों में बराबर विकास कार्य करवाया है। अकेले रोहतक क्षेत्र में ही 1200 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। पुरानी सब्जी मंडी एसोसिएशन की मांग पर उन्होंने घोषणा की कि नगर परिषद की दुकानों का मालिकाना हक दुकानदारों को दिलवाया जाएगा। इस दौरान मौजूद लोगों को उन्होंने तीन मई को मुख्यमंत्री के रोड शो में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस मौके भाजपा जिलाध्यक्ष अजय बंसल, जिला महामंत्री धर्मबीर शर्मा व सतीश आहुजा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बंसल, मनमोहन गोयल, राजकमल सहगल, पार्षद अजय जैन टाटू, सुभाष डंग, गुलशन चावला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।