ट्रेन लेट होने के कारण 50 यात्रियों की नौकरियां छूटी
- दैनिक रेल यात्री संघ ने रेलवे अधिकारियों को भेजा पत्र
- बोले- ट्रेनों का सही समय पर चलना जारी नहीं हुआ तो अन्य की भी छूट जाएगी नौकरियां
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
साहब ट्रेनों के आए दिन रेलवे स्टेशनों पर देरी से चलने के कारण अब तक रोहतक समेत विभिन्न जिलों के 50 से अधिक प्राइवेट नौकरीपेशा की नौकरी छूट चुकी है। यदि जल्द ही ट्रेनों का सही समय पर चलना जारी नहीं हुआ तो अन्य भी कई की नौकरी छूट सकती है। इस तरह की गुहार लगाते हुए दैनिक रेल यात्री संघ ने रेल मंत्रालय को पत्र भेजा है।
दैनिक रेल यात्री संघ के प्रवक्ता सतपाल सिंह ने बताया कि शायद ही कोई दिन बीत रहा हो जो सुबह के समय ट्रेनें देरी से रेलवे स्टेशनों पर न पहुंचती हो। हजारों की संख्या में रोहतक, भिवानी, सोनीपत के लोग दिल्ली नौकरी करने के लिए जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रतिदिन ट्रेनों के देरी से चलने के कारण पचास से अधिक नौकरीपेशा की नौकरी छूट चुकी है। यहीं नहीं नौकरी करने वालों को प्रतिदिन देरी से पहुंचने के कारण मालिक की डांट भी सुननी पड़ती है। कहा कि यदि ट्रेनों का समय पर चलना जारी नहीं हुआ तो अन्य भी कई नौकरीपेशा नौकरी छोड़ने को मजबूर हो जायेंगे। सीपीआरओ रेलवे नितिन चौधरी का कहना है कि कई बार मजबूरन ट्रेनों को रोक दिया जाता है। यात्रियों को परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाता है।