एमडीयू की महिला-पुरुष टीम बनी ऑल इंडिया चैंपियन
- यूनिवर्सिटी में चल रही ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी महिला-पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप का समापन
- तीसरे स्थान पर रही पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश शिमला यूनिवर्सिटी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एमडीयू में चल रही ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी महिला-पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप में मेजबान टीम चैंपियन बनी। एमडीयू की महिला टीम ने पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला और पुरुष टीम ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी को हराकर यह खिताब जीता। विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
खेल निदेशक डॉ. डीएस ढुल ने बताया कि चैंपियनशिप में वीरवार को फाइनल मैच खेले गए। पहला मैच महिला वर्ग में एमडीयू और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के बीच खेला गया। इसमें एमडीयू की टीम ने 28-25 के अंतर से हराकर चैंपियनशिप जीती। पुरुष वर्ग में भी एमडीयू की टीम विजेता रही। पुरुष वर्ग में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ ने एसआरएम यूनिवर्सिटी चेन्नई को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश शिमला यूनिवर्सिटी ने कुरुक्षेत्र केा हराकर बाजी मारी।
पुरुष वर्ग में बेस्ट रेडर विजय कुमार और बेस्ट खिलाड़ी का खिताब पवन कुमार को मिली। महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश शिमला यूनिवर्सिटी की ज्योति और एमडीयू की नीतू को बेस्ट रेडर और कैचर का खिताब दिया गया। विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। चैंपियनशिप के समापन पर एमडीयू खेल समिति की अध्यक्ष डॉ. कृष्णा चौधरी, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी प्रदीप नरवाल, दीप सोलंकी, कोच नवीन कुमार, मुन्नी जून, पवन राणा और कोच रामगोपाल को भी सम्मानित किया। इस मौके पर उप कुलसचिव महेंद्र सिंह पुनियानी, उप खेल निदेशक डॉ. शकुंतला बेनीवाल, प्रो. आरपी गर्ग, रणवीर सिंह ढाका, डॉ. राजकुमार हुड्डा, डॉ. मनोज गोयल, मुकेश गोयल, विजय कुमार, अशोक, श्रवण और मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।