अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सेक्टर-चार स्थित पूर्व सैनिक संघ भवन में रविवार को हरियाणा पूर्व सैनिक संघ रोहतक इकाई का त्रैवार्षिक चुनाव कराया गया। सदस्यों के छह पदों के लिए 13 दावेदार मैदान में थे। इसमें निवर्तमान प्रधान आरएस मलिक समेत पांच अन्य विजेता घोषित हुए। हालांकि हारने वाले प्रत्याशियों ने चुनाव परिणाम के समय आपत्ति भी जताई।
संघ के प्रदेश भर में 105 सदस्य चुने जाने हैं। इसके बाद 105 सदस्य पदाधिकारियों का चयन करेंगे। 105 सदस्यों में से रोहतक इकाई में छह सदस्यों का चुनाव कराया गया। इन छह पदों के लिए 13 प्रत्याशी मैदान में किस्मत आजमा रहे थे। पूर्व सैनिक भवन में सुबह नौ बजे चुनाव अधिकारी मेजर जनरल शमशेर सिंह, पर्यवेक्षक कर्नल सूरजभान और पोलिंग अधिकारी कर्नल आरएल यादव की देखरेख में मतदान शुरू हुआ। संघ के कुल 1239 वोटर थे, जिसमें 11 वोट रद्द कर दिए गए। सुबह दस बजे संख्या अधिक होने के कारण दो अतिरिक्त काउंटर खुलवा दिए गए थे। शाम तीन बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद मतगणना शुरू की गई। मतगणना में निवर्तमान प्रधान आरएस मलिक समेत छह कैप्टन बलवान सिंह, सूबेदार मेजर तकदीर सिंह, हवलदार नरेश कुमार, हवलदार भागवत सिंह और कर्नल जसबीर बल्हारा को विजयी घोषित किया गया। चुनाव परिणाम जारी होने के बाद कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। आरोप था कि चुनाव परिणाम ठीक तरीके से घोषित नहीं किया गया। हालांकि बाद में सभी लोग वहां से चले गए। चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।
इन प्रत्याशियों को मिली जीत
नाम वोट
कर्नल आरएस मलिक - 237
कैप्टन बलवान सिंह - 116
सूबेदार मेजर तकदीर सिंह - 151
हवलदार भागवत सिंह - 105
हवलदार नरेश कुमार - 103
कर्नल जसबीर बल्हारा - 97
इन प्रत्याशियों को मिली हार
सूबेदार मेजर राममेहर - 94
सूबेदार धर्मबीर - 80
सूबेदार राजेंद्र दहिया - 61
हवलदार सुरेश - 60
कर्नल एएस सहरावत - 44
सिपाही लखपत - 44
हवलदार पूर्ण सिंह - 36