60 क्विंटल घी और छह क्विंटल रिफाइंड ऑयल बरामद
तोशाम (भिवानी)। सीएम फ्लाइंग टीम ने रविवार को बवानीखेड़ा मार्ग पर घी की फैक्ट्री पर छापा मारा और सैंपल भरे। फैक्ट्री में घी के पांच ब्रांड मिले, इनमें से एक के दस्तावेज नहीं मिले। फैक्ट्री से करीब 60 क्विंटल घी और छह क्विंटल रिफाइंड ऑयल बरामद हुआ है। जांच के दौरान घरेलू सिलेंडर भी बरामद हुए। इस मामले में मौके पर उपस्थित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम की शिकायत पर फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सेल्स टैक्स विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है।
रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एमके इंटरप्राइजेज पर निरीक्षक बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में सीएम फ्लाइंग टीम ने छापा मारा। छापे के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (भिवानी) आशिष कुमार, थाना प्रभारी सुखबीर जाखड़, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से निरीक्षक उमेद सिंह तालू मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान सेल्स टैक्स विभाग की टीम को बुलाया गया।
जांच के दौरान विभिन्न दीप पैकेज, डेयरी व्हाइट, बृजवासी घी, न्यू हरियाणा स्पेशल और नन्हें कृष्णा घी पाए गए। इनमें से टीम को विभिन्न चार ब्रांड के दस्तावेज पेश किए गए जिनकी जांच होगी वहीं नन्हें कृष्णा ब्रांड का कोई दस्तावेज नहीं मिले। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक उमेद सिंह तालू ने बताया कि फैक्ट्री में छापे के दौरान 4 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए हैं। इसको लेकर मदन के खिलाफ शिकायत कर मामला दर्ज करवा दिया गया है। सेल्स टैक्स विभाग के निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि छापे के दौरान काफी अनियमितताएं पाई गई हैं। दस्तावेजों का विवरण नहीं है। सेल व परचेज के आंकडे़ का भी तालमेल नहीं हो रहा है। बगैर अनुमति के फैक्ट्री को शिफ्ट किया गया है। अनियमितताओं को लेकर लाखों का जुर्माना लग सकता है।
सीएम फ्लाइंग का नेतृत्व कर रहे निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि बवानीखेड़ा मार्ग पर एक नकली देशी घी तैयार करने की फैक्ट्री होने की शिकायत मिली थी। आज छापे के दौरान घी के सैंपल ले लिए गए हैं। सैंपलों की जांच होगी। फैक्ट्री से करीब 60 क्विंटल घी व 6 क्विंटल वनस्पति तेल मिला है। फैक्ट्री तय स्थान पर नहीं होने का मामला भी सामने आया है। इस बाबत सेल्स टैक्स विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है।
--
कागजों में फैक्ट्री का पता हिसार रोड
वहीं बताया गया कि रजिस्ट्रेशन के मुताबिक फैक्टरी का पता हिसार मार्ग पर है लेकिन बिना किसी सूचना के फैक्टरी को तय स्थान से हटकर बवानीखेड़ा मार्ग पर चलाया जाना भी पाया गया। सेल्स टैक्स विभाग की टीम इसकी जांच में जुटी हुई है।
--
इन ब्रांड का मिला घी
छापे के दौरान फैक्ट्री से दीप पैकेज 960 किलोग्राम, डेयरी व्हाइट 96 किलो, बृजवासी घी 478 किलो, न्यू हरियाणा स्पेशल 758 किलो व नन्हें कृष्णा घी 54 किलोग्राम बरामद हुआ है। 15 किलोग्राम भार के हिसाब से 11 टिन देशी घी, 77 टिन जैमिनी घी, 54 टिन अवसर घी, 97 टिन प्रोटो घी और 6 टिन देशी घी बिना मार्का पाया गया। इस तरह 6021 किलोग्राम घी व 15 किलोग्राम भार के 39 टिन रिफाइंड ऑयल फैक्ट्री में पाया गया।