रोहतक। शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए नगर निगम एक कदम और उठाने जा रहा है। भिवानी रोड पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाया जाएगा। इससे जैविक खाद के साथ-साथ बिजली का उत्पादन भी किया जाएगा। इसके लिए रोहतक शहर के साथ-साथ बहादुरगढ़, झज्जर, बेरी, महम, कलानौर व सांपला का मिलाकर कुल 433 टन कचरा प्लांट में प्रतिदिन आएगा। 199 करोड़ के प्रोजेक्ट को चालू करने के लिए नगर निगम ने टेंडर जारी किया था, जिसे 10 जून को ओपन किया जाएगा। प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा यह प्लान निगम का एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है।
केंद्रीय स्तर पर चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम ने दो साल में बेहतर प्रदर्शन किया है। स्वच्छता के मामले में लगातार करनाल के बाद रोहतक निगम दूसरे स्थान पर रहा है, लेकिन शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए कचरा प्रबंधन महत्वपूर्ण कदम है। इस दिशा में निगम आगे बढ़ रहा है। शहर से हर रोज 207 टन कचरा निकलता है, जिसे भिवानी रोड स्थित सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट में डाला जाता है। इसके लिए भिवानी रोड पर 2007 में हुड्डा सरकार के कार्यकाल में प्लांट लगाया गया था, लेकिन दिल्ली की जिस कंपनी ने प्लांट चलाने की जिम्मेदारी ली थी, उसे प्लांट चालू करने में 3 साल लग गए। बाद में कंपनी काम छोड़कर चली गई। भाजपा सरकार आने के बाद नए सिरे से प्लांट को चालू किया गया, लेकिन संचालन को लेकर कंपनी से विवाद रहा। प्लांट में आग लगने से मशीन जलकर नष्ट हो गए। दो साल पहले नए सिरे से प्लांट को चालू किया गया। साथ ही शहर से डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने वाली कंपनी को ही निगम ने प्लांट संचालन की जिम्मेदारी दे दी। प्लांट में अब कचरे से जैविक खाद बनाया जा रहा है, लेकिन अब प्रदेश सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी योजना रोहतक में लागू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए कचरे से बिजली उत्पादन करने का निर्णय किया है। लोकसभा चुनाव से पहले 7 मार्च को टेंडर जारी किया गया था, जो 10 अप्रैल को टेंडर ओपन होना था। चुनावी व्यस्तता के चलते अब 10 जून को टेंडर ओपन होगा।
-----------
सोनीपत के मुरथल में दो साल से प्रोजेक्ट के चालू होने का इंतजार
प्रदेश की शहरी निकाय मंत्री कविता जैन के हलके सोनीपत में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाने के लिए दो साल पहले निजी कंपनी से शहरी निकाय विभाग का कांट्रेक्ट हुआ था। वहां पानीपत, समालखा, गन्नौर, खरखौदा व गोहाना नगर परिषद का भी कचरा प्लांट में आना था। वहां कचरे के ढेर तो लग गए हैं, लेकिन कचरे से अभी तक बिजली बनाने का काम शुरू नहीं हो सका है। खुद शहरी निकाय मंत्री कविता जैन इसे सोनीपत के लिए ड्रीम प्रोजेक्ट बताया था। इसके लिए पौलेंड जाकर योजना को करीब से जाना था।
--------
पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत 199 करोड़ का रोहतक में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाने की योजना है। प्लांट में न केवल खाद बनेगा, बल्कि बिजली का भी उत्पादन होगा। यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, जिसे कामयाब बनाया जाएगा।
-आरएस वर्मा, आयुक्त नगर निगम
----------
कहां से कितना कचरा आएगा
शहर कचरा (टन में)
रोहतक सिटी 207
बहादुरगढ़ 94
गोहाना 36
झज्जर 27
खरखौदा 14
कलानौर 13
महम 11
सांपला 11
जुलाना 10
बेरी 09
कुल कचरा 433 टन