रोहतक। शहर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। सोनीपत स्टैंड स्थित वाटर वर्कर्स नंबर एक में बुधवार दोपहर मात्र डेढ़ फीट पानी बचा था, जहां से पुराने शहर में सप्लाई होती है। अगर वीरवार दोपहर तक भालौठ ब्रांच से 150 क्यूसिक पानी नहीं मिला तो शाम को सप्लाई नहीं हो सकेगी। नौ जून तक जेएनएल बंद होने के चलते पानी की किल्लत है। हालत यह है कि पुराने शहर की प्यास बुझाने के लिए हर रोज 40 एमएलडी पानी चाहिए, जबकि सप्लाई मात्र 27 एमएलएडी हो पा रहा है। पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों को भालौठ ब्रांच के साथ-साथ हुडा के वाटर वर्कर्स से 10 एमएलडी पानी तीन से चार दिन में मिलने की उम्मीद है।
शहरवासियों की प्यास बुझाने के एक मात्र विकल्प के रूप में जेएलएन व भालौठ ब्रांच नहर है। इन नहरों में अल्टरनेट तरीके से रोहतक को पानी मिलता है। सोनीपत रोड स्थित जलघर से पुराना शहर के सुखपुरा चौक, माता दरवाजा, प्रेमनगर, सैनीपुरा, गोहाना रोड, गोहाना अड्डा, पुराना बस स्टैंड, तेजपुरा, पाड़ा मोहल्ला, खोखरा कोट, किला रोड, तेज कालोनी, केवल गंज, बड़ा बाजार, बाबरा मोहल्ला, माता दरवाजा, जींद रोड, इंदिरा कालोनी, नेहरू कालोनी, गड़ी मोहल्ला, कच्ची गढ़ी, डेयरी मोहल्ला, सलारा मोहल्ला आदि में पानी की सप्लाई होती है। पुराना शहर की आबादी करीब डेढ़ लाख के करीब है और 25-30 हजार कनेक्शन हैं। पुराना शहरवासियों की प्यास बुझाने के लिए सोनीपत स्टैंड स्थित वाटर वर्कर्स से पानी की सप्लाई की जाती है। माना जा रहा है कि यदि मांग के अनुसार पानी सप्लाई कर दी जाए तो एक दिन ही दिन में जलघर पूरी तरह खाली हो जाएगा। इसलिए एक वक्त पानी की सप्लाई एक घंटे के लिए की जाएगी। ऐसे में पब्लिक हेल्थ विभाग के सामने लोगों की प्यास बुझाना बड़ी चुनौती है। जेएनएल में नौ जून से पानी आएगा तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने की वजह से पब्लिक हेल्थ विभाग के अफसरों के माथे पर चिंता की लकीरें है। दोपहर तय किया गया कि पुराना शहर में एक वक्त पानी की सप्लाई की जाए, वह भी 30-40 मिनट तक। हालांकि शाम को अधिकारियों को भालौठ ब्रांच से अतिरिक्त पानी मिलने का आश्वासन किया।
..........
भालौठ ब्रांच से 150 क्यूसिक पानी मिलने की उम्मीद
एक जून को बंद हुई जेएनएल में नौ जून को पानी आने की संभावना है। जब पब्लिक हेल्थ अपने जलाशयों को भरेगा। अधिकारियों ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात हो गई है। रात या वीरवार सुबह तक पानी वाटर वर्कर्स तक आ जाएगा।
----------
पब्लिक हेल्थ के शहर में तीन वाटर वर्कर्स हैं। एक नंबर सोनीपत स्टैंड पर है, जहां पुराने शहर में सप्लाई होती है। घनी आबादी व भीषण गर्मी के चलते डिमांड हर रोज 40 एमएलडी की है, लेकिन वे 27 एमएलडी ही दे पा रहे हैं। तीन-चार दिन में 10 एमएलडी पानी हुडा के वाटर वर्कर्स से मिलने की उम्मीद है, क्योंकि सोनीपत रोड पर लाइन बिछाने का काम पूरा होने वाला है। दूसरा नौ जून तक हर रोज भालौठ ब्रांच से 1500 क्यूसिक पानी मिलने की उम्मीद है।
-भानु प्रताप, कार्यकारी अभियंता पब्लिक हेल्थ