रोहतक। प्रदेश भर के विज्ञान संकाय से पीजी करने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। एमडीयू ने इनके दाखिले के लिए मंगलवार को पोर्टल ओपन कर दिया है। विवि ने दाखिला संबंधी प्रॉस्पेक्टस जारी करते हुए इसे छपाई के लिए प्रिंटिंग प्रेस भेज दिया। विद्यार्थी पीजी कोर्स के लिए 24 जून तक आवेदन कर सकते हैं। विवि ने विद्यार्थियों को दाखिले के लिए 21 दिन का समय दिया है।
5 व 6 जुलाई को होगी लिखित परीक्षा
पीजी में दाखिले के लिए पांच व छह जुलाई को लिखित परीक्षा होगी। इसके लिए विवि तैयारियों में जुटा है। विद्यार्थियों को दाखिले के लिए यह लिखित परीक्षा पास करनी होगी। परीक्षा परिणाम में मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद काउंसिलिंग होगी।
आवेदन के लिए 600 रुपये हैं दाखिला शुल्क
पीजी कोर्स में दाखिले के लिए एमडीयू ने 600 रुपये आवेदन शुल्क रखा है। अनुसूचित जाति व बीसी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 150 रुपये रहेगा। विद्यार्थी के एक से अधिक आवेदन करने पर प्रत्येक कोर्स के लिए 300 रुपये शुल्क देना होगा। अनुसूचित जाति व बीसी श्रेसाी के लिए यह शुल्क 75 रुपये रखा गया है।
एमडीयू के प्रॉस्पेक्टस पर फैसला कल
सेंट्रलाइज एडमिशन से अलग एमडीयू को विवि में यूजी व पीजी कोर्सों में भी दाखिले करने हैं। इसके लिए प्रॉस्पेक्टस पर पांच जून को फैसला होगा। मंगलवार को प्रॉस्पेक्टस में कुछ सुधार के उपाय सुझाने के चलते यह फाइल विवि कुलपति के पास नहीं पहुंच पाई। अब प्रॉस्पेक्टस नए सुधार के बाद मंजूरी के लिए वीसी के पास पहुंचेगा।इसके विवि की प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
एमडीयू ने विज्ञान संकाय के दाखिले के लिए पोर्टल ओपन कर दिया है। प्रॉस्पेक्टस छपने के लिए प्रेस को भेज दिया है। विद्यार्थी 24 जून तक आवेदन कर सकते हैं। लिखित परीक्षा के बाद अगली प्रक्रिया होगी।
प्रो. जगदीश नांदल, कोर्डिनेटर सेंट्रलाइज ऑनलाइन एडमिशन कमेटी, एमडीयू।