रोहतक। आगामी चार से सात जुलाई तक कजाखस्तान के नूरसुल्तान शहर में एशिर्याई कैडेट चैंपियनशिप का आयोजन होने वाला है। इस चैंपियनशिप के लिए रविवार को लखनऊ स्थित साई सेंटर में महिला पहलवानों की ट्रायल ली गई। इस ट्रायल में देश की 10 सदस्यीय टीम में नौ खिलाड़ी हरियाणा से हैं।
कुश्ती की दुनिया में प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है, इसमें चाहे युवा खिलाड़ियों के आईकॉन माने जाने वाले योगेश्वर दत्त, बजरंग पूनिया हों या फिर देश को रियो ओलंपिक में कांस्य पदक दिलाने वाली महिला पहलवान साक्षी मलिक हों। सभी ने देश में ही नहीं विदेशों में हरियाणा की छवि लंबी कद काठी के हष्ट पुष्ट शरीर वाले पहलवानों के रूप में बनाई है। इनके अतिरिक्त प्रदेश के युवा पहलवान भी अपनी छवि बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश के नौ महिला खिलाड़ियों का चयन 10 सदस्यीय भारतीय महिला कुश्ती टीम में हुआ है। जिनमें हिसार जिले से तीन, रोहतक, पानीपत व सोनीपत जिले से दो-दो पहलवान हैं।
आज सोनीपत में पुरुष पहलवान भारतीय टीम का हिस्सा बनने के लिए लगाएंगे दाव पेंच
भारतीय कुश्ती संघ की ओर से सोमवार यानी 27 मई को सोनीपत स्थित साई सेंटर में फ्री स्टाइल व ग्रीको रोमन स्टाइल के पुरुष खिलाड़ी ट्रायल देंगे। यहां पर एशियन कैडेट चैंपियनशिप के लिए पुरुष वर्ग की फ्री स्टाइल व ग्रीको रोमन स्टाइल की भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।
यें हैं प्रदेश के नवरत्न :
भारवर्ग खिलाड़ी जिला
40 कोमल पानीपत
43 स्वीटी हिसार
46 शीतल पानीपत
49 अंतिम हिसार
53 आरती सोनीपत
57 प्रियंका रोहतक
65 सोनम सोनीपत
69 रितिका रोहतक
72 पूजा हिसार