अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। मेरा पुतला फूंको या धरना दो, थारे बीच का हूं। एक छोटे से ट्रक का मालिक हूं। घर भी पत्नी के नाम है। म्हारी सरकार व हम थारे साथ हैं। हुडा डिपार्टमेंट ही ऐसा है, जो जमीन के रेट बढ़ा लेता है। आप मंगलवार को हुडा के ऑफिस जाकर रेट सेट कर लो, फिर सीएम से पांच व्यापारियों को मिलवा दूंगा। शनिवार को हिसार रोड स्थित ट्रक ऑटो मार्केट के व्यापारियों के बीच पहुंचे सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने इस अंदाज में सेक्टर 21ए में जमीन के रेट कम करने का आश्वासन दिया।
लंबे समय बाद हुडा द्वारा सेक्टर 21ए में ट्रांसपोर्ट नगर बसाने की प्रक्रिया पूरी हुई है, लेकिन हुडा द्वारा जमीन के भाव 30 हजार रुपये प्रति वर्ग गज तय किया गया है। शहर के ऑटो व्यापारी इतने ज्यादा रेट का विरोध कर रहे हैं। मामले को लेकर काठमंडी, हिसार रोड व सुभाष रोड के व्यापारी धरने प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को विश्वकर्मा ट्रक ऑटो मार्केट के बुलावे पर सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर हिसार रोड पर पहुंचे और व्यापारियों से रूबरू हुए।
निगम से गंदगी उठवाओ, पुलिस की गश्त बढ़वाओ
व्यापारियों की तरफ से मंत्री को एक मांग पत्र सौंपा गया। व्यापारियों ने मंत्री को बताया कि हिसार रोड पर चल रहे नाले का जल्द निर्माण कराने, मार्केट में पुलिस की गश्त बढ़वाने और नगर निगम द्वारा मार्केट के पीछे डाली जा रही गंदगी उठवाने की मांग की। व्यापारी नेता सतपाल चौधरी ने बताया कि पिछले दिनों कुछ असामाजिक तत्व बैटरी व्यापारी की दुकान में घुस आए। न केवल पैसे छीनकर ले गए, बल्कि गोली मारने की धमकी दी। मंत्री ने पुलिस को गश्त बढ़ाने व निगम से गंदगी उठाने की हिदायत देने का भरोसा दिया।
भूख हड़ताल पर बैठी यूनियन के प्रधान पहुंचे मंत्री के पास
हिसार रोड ट्रक ऑटो मार्केट की तरफ से चार दिन से सेक्टर 21ए में जमीन के भाव कम कराने को लेकर भूख हड़ताल की जा रही थी। हड़ताल के बावजूद किसी नेता या अधिकारी ने उनकी सुध नहीं ली। शनिवार को मंत्री जब विजय संकल्प बाइक रैली निकाल रहे थे। जब वे पुराने बस स्टैंड के पास थे। तब प्रधान भूख हड़ताल से उठकर मंत्री से मिलने पहुंचे और एक मांग पत्र दिया, जिसमें पुराने शुगर मिल के पास जमीन के भाव कम करने और डाउन पेमेंट 10 प्रतिशत से ज्यादा न करने की मांग की। मंत्री ने उचित आश्वासन दिया। इसके बाद शाम छह बजे उन्होंने भूख हड़ताल खत्म कर दी।
मंत्री ने मंगलवार को हुड्डा के अधिकारियों से मीटिंग कराने का भरोसा दिया है। निश्चित रेट होने पर सीएम से मीटिंग कराकर राहत दिलवाने की बात कही है। साथ ही दूसरी समस्याओं का भी जल्द समाधान कराने का भरोसा मिला है।
-मुकेश शर्मा, उप प्रधान विश्वकर्मा ट्रक ऑटो मार्केट हिसार रोड
मंत्री से मैं पुराने बस स्टैंड के पास मिला, जहां उन्होंने मांगों को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया। इसके बाद शाम छह बजे भूख हड़ताल खत्म कर दी।
-संजय दलाल, प्रधान हिसार रोड ट्रक ऑटो मार्केट