अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी ने रविवार को प्लेटफार्म नंबर - दो पर जम्मू - कश्मीर के पुलवामा के युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से नशे के 340 इंजेक्शन बरामद हुए हैं। पुलवामा हमले के बाद रोहतक रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट था, जिसके चलते जीआरपी की सघन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान कश्मीरी युवक को पकड़ा गया। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि कश्मीरी युवक दिल्ली से नशे के इंजेक्शन खरीदकर पुलवामा ले जा रहा था, जहां इंजेक्शनों को दस गुना कीमत पर बेचता था। जीआरपी ने खुफिया एवं सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दे दी है और सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा, पुलिस का प्रयास रहेगा कश्मीरी युवक को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाए। फिलहाल जीआरपी ने कश्मीरी युवक के आतंकी कनेक्शन होने से इंकार किया है।
बता दें कि जम्मू - कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों के शहीद होने की वजह से पूरे देशभर में हाई अलर्ट है। इसके मद्देनजर रविवार को एसआई भूपेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल विरेंद्र सिंह व कर्मबीर के साथ प्लेटफार्म नंबर दो पर चेकिंग कर रहे थे। प्लेटफार्म के जींद छोर पर बने फुट ओवरब्रिज की पश्चिमी साइड की सीढ़ियों के पास बेंच पर एक युवक बैठा था। युवक के कश्मीर के होने का शक हुआ और उसके हाथ में एक पीली कपड़े की थैली थी। जब उन्होंने नजदीक जाकर युवक से पूछताछ की तो वह घबरा गया। उसने अपना नाम आरिफ अहमद डार (21) निवासी मलिक पोरा पुलवामा बताया। जब उससे हाथ में कसकर पकड़ी थैली खोलकर दिखाने के लिए कहा तो उसने बचकर भागने का प्रयास किया, लेकिन जीआरपी कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद थैली खोलकर देखी तो उसके अंदर अलग-अलग दो थैली रखी हुई थीं, जिसमें इंजेक्शन रखे थे। जब उससे इंजेक्शन खरीदने के बाबत कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सका। थैली से दो तरह के इंजेक्शन मिले, दोनों की संख्या 170-170 मिली। पूछताछ में आरिफ ने बताया कि ये इंजेक्शन नशा करने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। कश्मीरी युवक के पुलवामा से होने की जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मी सतर्क हो गए और तुरंत युवक को नशे के इंजेक्शन के साथ पकड़ने की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
कश्मीर में 400 रुपये का बेचता है इंजेक्शन
कश्मीरी युवक दिल्ली से इन इंजेक्शनों को 40 रुपये के हिसाब से खरीदकर लाता हैं और पुलवामा में 400 से ज्यादा रुपये में बेचता है। उसने यह भी बताया कि वह भी नशे के इंजेक्शन लगाता है, इसलिए वह अपना खर्च निकालने के साथ-साथ कमाई भी कर लेता है।
फिलहाल पूछताछ से पता चला है कि युवक नशे के इंजेक्शन की खरीद - फरोख्त का कारोबार करता था। किसी आतंकी संगठन के तार जुड़े होने की बात सामने नहीं आई है। जम्मू - कश्मीर के पुलवामा से होने के चलते सघन पूछताछ की जा रही है। सोमवार को अदालत से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। मामले की जानकारी सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों को कर दी है, वह उससे पूछताछ कर सकते हैं। - धीरज सेतिया, एसपी जीआरपी, अंबाला
ड्रग कंट्रोलर की राय पर दर्ज हुआ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा
पुलवामा के युवक से नशे के इंजेक्शन बरामद होने की सूचना पर ड्रग कंट्रोल अफसर मनदीप मान जीआरपी थाने पर पहुंचे। इंजेक्शनों को देखने के बाद उन्होंने अपनी राय देते हुए बताया कि बरामद इंजेक्शन एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध है। इस पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया।
दिल्ली में इंजेक्शन बेचने वाले पर कसेगा शिकंजा
पुलिस को पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने दिल्ली से नशे के इंजेक्शन बेचने वाले के बारे में जानकारी दी है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि युवक ने बताया कि वह करीब एक - डेढ़ साल से दिल्ली से नशे के इंजेक्शन खरीदकर पुलवामा में बेचने का धंधा कर रहा था। इसके बाद अब जीआरपी ने दिल्ली में नशे के इंजेक्शन बेचने वाले पर शिकंजा करने का फैसला लिया है।
खुफिया व सुरक्षा एजेंसियां आ सकती है पूछताछ करने
पुलवामा के पकड़े गए युवक से पूछताछ करने के लिए सुरक्षा व खुफिया एजेंसियां पूछताछ करने के लिए जल्द रोहतक आ सकती है। जीआरपी ने पूरे मामले की उच्चाधिकारियों को दी है। सोमवार को अदालत से रिमांड पर लेने के बाद उससे सघन पूछताछ होगी और आतंकी कनेक्शन को टटोला जाएगा।