मापतौल विभाग ने चलाया छापामारी अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
मापतोल अधिकारी प्रविंद्र सांगवान के नेतृत्व में शुक्रवार जिले में छापामारी अभियान चलाया गया। इसमें टीम ने महम मंडी के सभी कांटों की जांच की। इस जांच में कुछ आढ़तियों के पास विभाग की ओर से स्वीकृत माप तोल यंत्र न होने पर कार्रवाई की गई।
जांच अधिकारी ने बताया कि हरिचंद एंड संस, दयानंद एंड संस, नेहरा इंटर प्राइजिज, शिव गोरखनाथ ट्रेडिंग कंपनी, मोहित ट्रेडिंग कंपनी व भगत जी ट्रेडिंग कंपनी पर अनियमितता पाए जाने पर मौके पर चालान किया गया। इसके साथ ही सभी आढ़तियों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि वह विभाग से नियमों को पूरा करें अन्यथा जांच में गड़बड़ी व नियमों की अवहेलना पाए जाने पर सजा व जुर्माना दोनों किया जाएगा। इसके साथ ही टीम ने रिलायंस रिटेल लिमिटेड पर बासमती चावल के बैग पर पैन से रेट व नेट वेट लिखे मिलने पर ऐसा दुबारा न करने की चेतावनी दी गई है।
पैकेज्ड कमोडिटी रूल्स 2011 के नियमानुसार यह गलत था, इसके लिए मौके पर चालान भी किया गया। यहां से टीम ने जींद रोड की मनु गैस सर्विस की डिलीवरी करने वाली गाड़ी के सिलेंडर जांचे गए। इसमें 300 ग्राम तक गैस सिलेंडरों में कम मिली, इस पर उन पर कार्रवाई की गई। अधिकारी ने बताया कि ऐसा करने पर छह माह की सजा और जुर्माना दोनों का एक साथ किए जाने का प्रावधान है। अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा के लिए मापतौल विभाग हमेशा प्रयासरत रहता है। विभाग ट्रेडर्स, ज्वैलर्स, डिपो होल्डरों आदि को निर्देश देता है कि वह अपने कांटे, बट्टे, तराजु की समय पर जांच करवाने के साथ उसे पास कराएं, नहीं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फोटो सहित एसएनजे 8 व 9
दुकानों पर जांच करते मापतोल विभाग के अधिकारी।