वूशू स्पर्धा के 90 किलो वर्ग में अजय व 90 से अधिक भार वर्ग में मोनू प्रथम
- एमडीयू में चल रही ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुशू चैंपियनशिप में हुए रोमांचक मुकाबले
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एमडीयू में चल रही अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय वुशू स्पर्धा में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। स्पर्धा के 90 किलो भार वर्ग में अजय व 90 किलो से अधिक भार वर्ग में मोनू चौहान प्रथम रहा। यहां हरियाणवी गायक रामकेश जवीनपुरिया ने अपने गीतों से दर्शकों व खिलाड़ियों का मनोरंजन किया। इसके अलावा सांसू व तावलू स्पर्धा में खिलाड़ियों ने हैरत अंगेज कारनामे दिखाए। यहां गिरीश चंद्र, अभय सिंह व पंकज गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहे।
विवि कुलपति प्रो. बिजेंद्र कुमार पूनिया ने खिलाड़ियों से आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत व ईमानदारी से खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल से नेतृत्व व भाईचारे की भावना बढ़ती है। दूर दराज से आए खिलाड़ियों के साथ रह कर उनकी संस्कृति को समझने का अवसर मिलता है। खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हैरतअंगेज कारनामे दिखाए। स्पर्धा के पर्यवेक्षक डॉ. टारजन ने भी अपने विचार रखे। मंच पर बॉक्सर जितेंद्र कुमार को सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्पर्धा के निदेशक शंभू, प्रो. आरपी गर्ग, डॉ. कुलताज सिंह, डॉ. मनोज गोयल, डॉ. हेमलता, डॉ. सोनिया, श्रवण कुमार, मनीष सिंह समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
ये रहे वुशू स्पर्धा के परिणाम
स्पर्धा के 90 किलो से अधिक भार वर्ग में एमडीयू का मोनू चौहान प्रथम, सीआरएसयू जींद का सचिन द्वितीय, आरयू रांची का मनीष कुमार तृतीय, 90 किलो वर्ग में जेएनवीयू जोधपुर का अजय प्रथम, पीयू चंडीगढ़ का मानिक सिंह द्वितीय, एमडीयू का खुशविंद्र तृतीय रहा। इसके अलावा 56 किलो वर्ग में एमडीयू का अमन प्रथम, एमजीकेयू वाराणसी का अशोक कुमार यादव द्वितीय, रांची विवि से प्रशांत गोराय तृतीय, 60 किलो वर्ग में एमडीयू का अमन प्रथम, राजस्थान विवि का राहुल द्वितीय, एलपीयू फगवाड़ा का साहिल भारद्वाज तृतीय, 65 किलो वर्ग में एमडीयू का सचिन प्रथम, पीयू चंडीगढ़ का चंद्र देव सिंह द्वितीय, पीयू पटियाला का राहुल तृतीय, 80 किलो वर्ग में एमडीयू का प्रवीण प्रथम, राजस्थान विवि का पवन शर्मा द्वितीय, गोरखपुर विवि का बासू देव साहनी तृतीय, 85 किलो वर्ग में कुरुक्षेत्र विवि का हरीश प्रथम, एमडीयू का रवींद्र द्वितीय व राजस्थान विवि का सुधांशू शर्मा तृतीय रहा।