फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

48 घंटे में चार युवती और दो किशोर लापता, मचा हड़कंप

विज्ञापन
विज्ञापन
48 घंटे में चार युवती और दो किशोर लापता, मचा हड़कंप
विज्ञापन

भिवानी। प्रदेश में बेटियों के साथ हो रही दरिंदगी की घटनाओं के बीच पिछले 48 घंटों के दौरान जिले में अलग-अलग स्थानों से चार युवती और दो किशोर गायब होने से हड़कंप मच गया है। दो युवती और एक किशोर तो लौट आए, लेकिन अभी दो युवती व एक किशोर लापता हैं। पुलिस ने मामले दर्ज कर सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने भी इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस को बच्चों की तलाश करने के लिए पत्र लिखा है।
शहर के बिचला बाजार की रहने वाली 22 साल की युवती 15 जनवरी की शाम को अपनी सहेली से मिलने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन लौटी नहीं। युवती के पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह मूलरूप से महेंद्रगढ़ का रहने वाला है। वह अपने परिवार के साथ काफी समय से भिवानी के बिचला बाजार में रह रहा है। उसने बताया कि उसकी 22 साल की बेटी 15 जनवरी शाम का अपनी सहेली से मिलने की बात कहकर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। दूसरे दिन तक इंतजार करने के बाद भी वह नहीं लौटी। बाद में मामले की शिकायत दिनोद गेट पुलिस को दी। जांच अधिकारी हेडकांस्टेबल जसवंत ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन

कोचिंग पढ़ने गई युवती लापता, परिजनों की सांसे थमी
भिवानी । गांव छपार रागड़ान से कोचिंग के लिए तोशाम गई 21 वर्षीय युवती लापता होने से परिजनों की सांसें अटक गई। उसके पिता ने एक युवक पर उसकी बेटी का अपहरण किए जाने का आरोप लगाया है। तोशाम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की खोजबीन शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में छपार रागड़ान निवासी युवती के पिता ने बताया कि उसकी बेटी रोजाना तोशाम में कोचिंग लेने के लिए जाती थी। 15 जनवरी को भी वह कोचिंग के लिए गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। छानबीन की तो पता चला कि बहल निवासी एक युवक उसका पीछा करता था। युवती के पिता ने युवक पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई जगदीश ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। युवती के पिता के संदेह पर आरोपी युवक के गांव में छापा भी मारा गया, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस युवक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
--
16 वर्षीय किशोर का छह दिन बाद भी नहीं लगा सुराग
भिवानी। पतराम गेट के नजदीक सुनारों वाली गोशाला क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय आशीष का छह दिन से सुराग नहीं लग पाया है। लापता आशीष की जैन चौकी व सूचना जिला बाल संरक्षण अधिकारी कार्यालय में भी दी गई है। पतराम गेट निवासी सुशील ने बताया कि उसका बेटा 16 वर्षीय आशीष 12 जनवरी की सुबह घर से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा पाया। मामले की शिकायत जैन चौक पुलिस चौकी में दी। पुलिस को भी छह दिन बाद भी उसका सुराग नही लग पाया है। चौकी इंचार्ज गोपाल दास ने बताया कि उसकी तलाश की जा रही और उसके दोस्तों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस इस मामले में गंभीरता से तलाश करने में लगी है। किशोर के पिता ने मामले की सूचना बाल संरक्षण अधिकारी कार्यालय में भी दी। जिसके बाद संरक्षण अधिकारी टीम ने भी उसकी खोजबीन शुरू कर दी है।
--
लापता युवती दूसरे दिन मिली मामा के घर
भिवानी। शहर के जैन चौक पुलिस चौकी क्षेत्र के सोमवारी माता एरिया से 19 साल की बेटी के लापता होने पर परिजनों की सांसे थमी रही। 24 घंटे के अंदर बेटी नहीं मिली तो घबराई हुई मां जैन चौक पुलिस चौकी पहुंची। उन्होंने पुलिस को बताया कि उसकी 19 वर्षीय बेटी 15 जनवरी को अचानक ही घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की तो वह अपने मामा के घर मिली। युवती के सकुशल लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली हैं। युवती की मां ने बताया कि उनकी बेटी नाराज होकर अपने मामा के यहां चली गई थी जो वापस आ गई है।
उधर, गांव छपार जोगियान से एक युवती संदिग्ध हालत में लापता हो गई। युवती के लापता होने की शिकायत तोशाम पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई। दूसरे दिन युवती अपने मामा के घर सकुशल मिल गई। युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि परिजनों ने युवती को डांट लगा दी थी। जिससे नाराज होकर वह घर से चली गई थी लेकिन वह दूसरे ही दिन अपने मामा के घर मिल गई। मामले की जांच कर रहे हेडकांस्टेबल अमर सिंह ने बताया कि युवती के पिता ने थाने आकर खुद बताया कि उसकी बेटी मिल गई है।
बड़े भाई ने नहाने के लिए कहा तो छोटा भाई हुआ लापता
भिवानी। कस्बा कैरू निवासी एक युवक को उसके बड़े भाई ने कई दिन से ना नहाने पर डांट लगाई तो छोटा भाई घर से लापता हो गया। इसकी वजह से पूरा परिवार दो दिन तक सदमे में रहा। काफी खोजबीन के बाद युवक रोहतक में घूमता हुआ मिला। कैरू में रह रहे ओमप्रकाश ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि उसके 20 वर्षीय बेटे मोनी को बड़े भाई ने कई दिन से ना नहाने पर डांट लगा दी। जिससे नाराज होकर मोनी घर से लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी वह नहीं मिला तो मामले की शिकायत तोशाम पुलिस थाने में दर्ज करवाई। काफी तलाश करने पर मोनी रोहतक में घूमता हुआ मंगलवार शाम को मिला। मामले की जांच कर रहे एएसआई प्रदीप ने बताया कि युवक मिल गया है और उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
विज्ञापन

लापता बच्चे मिलने पर इन नंबरों पर दें सूचना
जैन चौक पुलिस चौकी- 01664-242744, 14011458 एवं आशीष के पिता सुशील कुमार के फोन नंबर 9416057037, 8683969683 व 9416807037 पर दें।
--
लापता बच्चों के बारे में विभाग द्वारा भी पुलिस को पत्र लिखकर जल्द तलाश करने के लिए कहा गया है। साथ ही इसके लिए संरक्षण विभाग टीम अपने स्तर पर भी उनकी तलाश कर रही है।
रेनू रानी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें