रोहतक/सांपला। जिला प्रशासन ने सरसों की सरकार खरीद के लिए नया शड्यूल जारी कर दिया है। सांपला मंडी में इस बार हैफेड सरसों की सरकारी खरीद करेगा। अब किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। पहले किसानों को अपनी फसल बिक्री के लिए रोहतक लेकर जाना पड़ता था। हैफेड की ओर से 28 मार्च से सरकारी समर्थन मूूल्य 4200 रुपये प्रति क्विंटल से खरीद शुरू करेगी। अधिकारियों का कहना है कि शेड्यूल के अनुसार ही खरीद की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए गांव अनुसार खरीद का कार्यक्रम निर्धारित किया है। सरकारी गुणवत्ता के आधार पर प्रत्येक किसान से 25 क्विंटल सरसों की खरीदी जाएगी। पहले सप्ताह के लिए आठ गांव के किसानों की खरीद होगी। उसके बाद ही दूसरे गांव शामिल किए जाएंगे।
पांच अप्रैल तक इन गांव की होगी खरीद
हैफेड ने किसानों की सुविधा के लिए पहले आठ गांवों की पांच अप्रैल तक सरसों की खरीद की जाएगी। पहले दिन 28 मार्च वीरवार को नयाबास, 29 मार्च शुक्रवार को भैसरू कलां, 30 मार्च शनिवार को हसनगढ़, एक अप्रैल को समचाना, दो अप्रैल को भैसरू खुर्द, तीन अप्रैल को गिझी, चार को खेरी सांपला, पांच अप्रैल को सांपला के किसानों की सरसों खरीदी जाएगी।
ये होंगे खरीद के मापदंड
हैफेड जिला प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने बताया कि किसान अपनी फसल को सूखाकर लाएं और इसमें नमी की मात्रा आठ प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। अशुद्घ तारामीना दो प्रतिशत, कच्चा व अविकसित दाना चार प्रतिशत, दूसरे कणों की मिलावट व छोटे दानों की मात्रा दस प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फसल लाने से पहले किसान अपनी पंजीकरण रसीद व बैंक खाता नंबर, आधार कार्ड साथ लाएं। आढ़ती सरसों में झरना अवश्य लगाएं।