भट्ठी में लकड़ी जलाने पर होटल संचालक को थमाया नोटिस
बौंदकलां।
हरियाणा सहित एनसीआर में छाए जहरीले स्मॉग के चलते प्रदेश सरकार द्वारा एनसीआर में शामिल 13 जिलों में सख्ती का असर बौन्दकलां क्षेत्र में शनिवार को दिखाई दिया। शनिवार देर शाम को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने सांवड़ स्थित एक होटल पर भट्ठी जलाने पर कार्रवाई करते हुए संचालक को नोटिस थमा दिया।
गौरतलब है कि एनजीटी की कड़ी फटकार के चलते प्रदेश सरकार ने आठ नवंबर को पर्यावरण प्रदूषण रोकने के निर्देश सभी जिला उपायुक्तों को जारी किए थे। आदेशों के तहत एनसीआर के 13 जिलों में स्टोन क्रेशर, सभी हॉट मिक्सर प्लांट बंद करवाने, होटल व ढाबों पर कोयला व लकड़ी जलाने पर रोक लगाई गई थी। इसी कड़ी में शनिवार को बौन्दकलां स्थित खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निरीक्षक दीपक कुमार सोनी ने दादरी रोहतक मुख्य मार्ग स्थित पटेल होटल पर छापा मारकर वहां भट्ठी में लकड़ी जलाते मिलने पर कार्रवाई की। इसके साथ ही विभाग ने होटल के संचालक पटेल को नोटिस जारी कर दिया है। होटल संचालक ने कहा कि वह भविष्य में लकड़ी और कोयला इस्तेमाल नहीं करेगा। इस पर विभाग ने संचालक से लिखित में लकड़ी व कोयला इस्तेमाल नहीं करने के लिए सहमति ले ली है।