अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। आप पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा है कि भाजपा नेताओं ने पहले संत राम रहीम के डेरे के वोटों पर कब्जा किया और अब वह डेरे पर ही कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप जड़ते हुए कहा कि पिछले 10 दिनों से सूबे की खट्टर सरकार जानबूझ कर भय का माहौल बना रही है। इससे भाजपा सरकार की मंशा पर ही सवाल उठते हैं।
वीरवार को पत्रकाराें से बातचीत के दौरान नवीन जयहिंद ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाबा को जेल भेजकर क्या भाजपा सिरसा के डेरे पर कब्जा करना चाहती है। उन्होंने कहा है कि क्या अदालत के फैसले से 10 दिन पहले ही खट्टर साहब फैसला सुना चुके हैं कि बाबा राम रहीम जेल जाएंगे। 10 दिन पहले से पैरामिल्ट्री फोर्स बुलाकर वह क्या दिखाना चाहते हैं। इससे यही अनुमान लगाया जा सकता है कि सीएम को अदालत के फैसले का पहले ही पता है। खट्टर सरकार प्रदेश की जनता को दोबारा हिंसा की आग में धकेलना चाहती है। उन्होंने आरोप जड़ते हुए कहा कि जनता सरकार से खुश नहीं हैं, इसलिए सरकार जनता का ध्यान मुद्दों से भटकाना चाह रही है। जिस प्रकार आशाराम के आश्रमों पर कब्जा किया गया, उसी तरह संत राम रहीम के डेरे पर भी कब्जे की तैयारी है। अब भाजपा की निगाह डेरे की अरबों रुपयों की संपत्ति पर है। उन्होंने डेरा प्रेमियों से अपील की है कि वह शांति बनाए रखें और भावुक होकर सरकार के बहकावे में न आएं। वह सरकार से सचेत रहें और ध्यान रहे कि सरकार का काम झगड़े करवा कर समाज के भाईचारे को खराब करवाना है। खट्टर सरकर अपनी विफलता छुपाने के लिए ये गंदी राजनीति कर रही है। हरियाणा अमन और भाईचारे का प्रतिक है इसे भाजपा की गंदी राजनीति की भेंट न चढ़ने दें।