पीजीआई की प्रवेश परीक्षा में बैठे 7278 उम्मीदवार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के विभिन्न कोर्सों में प्रवेश पाने के लिए 7278 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। डीन अकेडमिक अफेयर्स रोहताश यादव ने बताया कि उत्तीर्ण होेने वाले आवेदक वर्ष 2017-18 में संस्थान में कोर्स कर करेंगे। परीक्षा छूटने के बाद कई जगहों पर जाम भी लग गया। प्रवेश परीक्षा कार्यकारी कुलपति डॉ. केएन रतन और कुलसचिव डॉ. एचके अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में रविवार को हुई।
डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि परीक्षा परिणाम जल्द जारी कर दिया जाएगा। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा के लिए 8094 उम्मीदवारों ने आवेदन किया लेकिन 7278 ने परीक्षा दी। 816 आवेदक अनुपस्थित रहे। जनसंपर्क विभाग के प्रभारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि 15 उड़न दस्तों ने नकल पर नकेल लगाई। उम्मीदवारों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई गई और अंगूठों के निशान लिए गए। परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि किसी भी परीक्षा केंद्र से कोई गड़बड़ी की खबर नहीं आई। विद्यार्थियों की ओएमआर शीट की जांच जारी है।
इन सेंटरों पर हुई प्रवेश परीक्षा
मॉडल स्कूल में तीन स्थानों पर, नेकीराम शर्मा गवर्नमेंट कॉलेज में तीन स्थानों पर, एमडीयू मे 14 स्थानों पर, कालेज ऑफ नर्सिंग में, पीजीआईडीएस में, यूएचएस के प्रशासनिक विभाग में, डीएवी स्कूल में दो स्थानों पर, गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन में दो स्थानों पर परीक्षा हुई।
परीक्षा छूटने के दौरान लग गया जाम
परीक्षा केंद्रों के बाहर दोपहर एक बजे जाम लग गया। एकाएक विद्यार्थियों की प्रवेश परीक्षा समाप्त होने से हजारों वाहन सड़कों पर एक साथ आ गए। रविवार को अवकाश होने के बावजूद सड़क पर तकरीबन एक से डेढ़ घंटा जाम बना रहा। सबसे अधिक समस्या एमडीयू कैंपस, मुख्य गेट, पीजीआईएमएस के वीसी कार्यालय के पास, मेडिकल मोड़ पर जाम के चलते वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।