दूल्हे के मामा व फोटोग्राफर को कार ने रौंदा, मौत
चरखी दादरी।
गांव पैंतावास कलां के समीप रविवार को तेज रफ्तार कार ने शादी समारोह के बाद बारात के साथ लौट रहे दूल्हे के मामा व फोटोग्राफर को रात रौंद दिया। दोनों लघुशंका के लिए सड़क पार कर रहे थे। घटना के बाद आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने दूल्हे के पिता की शिकायत पर गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतकों की पहचान हिसार जिले के राजथल निवासी सुरेश और फतेहाबाद जिले के गांव सिवनी गोलान निवासी सूरजमल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार हिसार के राजथल निवासी संदीप की बारात रविवार को महेंद्रगढ़ के गांव बुआनिया आई थी। शादी समारोह के बाद बारात देर रात वापिस राजथल जाने के लिए निकली थी। पुलिस को दिए बयान में राजथल निवासी भूप सिंह ने बताया कि बारात की एक गाड़ी में सवार दूल्हे का मामा संदीप व फोटोग्राफर सुरेश ने पेशाब करने के लिए गांव पैंतावास कलां के समीप गाड़ी रुकवा ली। इस दौरान पिकअप गाड़ी में सवार अन्य बाराती तो लघुशंका के बाद वापस गाड़ी में बैठ गए थे लेकिन दूल्हे के मामा संदीप और फोटोग्राफर सुरेश को सड़क पार करते समय दादरी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, सोमवार सुबह पुलिस ने दूल्हे के पिता भूप सिंह के बयान दर्ज कर दादरी के सिविल अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।