अब कार के शीशे ब्लेड से काटते हैं अपराधी : डीएसपी
अपराध रोकने के लिए डीएसपी ने थाना प्रभारियों के साथ की मीटिंग
अमर उजाला ब्यूरो
छछरौली। थाना छछरौली में डीएसपी राजेंद्र की अध्यक्षता में मीटिंग का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने भाग लिया। डीएसपी ने कहा कि जिले में सक्रिय अपराधी तत्व अपराध करने के लिए नए-नए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पहले कार के शीशे तोड़कर चोरी को अंजाम लेते थे, अब चोर कार के शीशे को तोड़ने की बजाय ब्लेड से काटकर वारदात को अंजाम देते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के क्राइम को रोकने के लिए सबसे अच्छा तरीका यही है कि मार्केट, पार्किंग, बैंकों व अन्य संस्थानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इससे अपराध पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने थाना प्रभारियों से कहा कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में पड़ने वाले बाजारों में रात को चौकीदार रखवाएं। उन्होंने खासतौर पर सभी थाना प्रभारियों को हिदायत देते हुए कहा कि बिना नंबर के वाहन व मुंह पर कपड़ा बांधकर दो पहिया वाहन चलाने वाले का चालान जरूर करें। इसके साथ ही उन्हाेंने पड़ोसी राज्य हिमाचल से आए थाना प्रभारियों को अपराध पर शिकंजा कसने में सहयोग करने को कहा। इस मौके पर खिजराबाद एसएचओ विरेंद्र राणा, बुड़िया एसएचओ हरदिपेंद्र, बिलासपुर एसएचओ दीदार सिंह, जगाधरी सिटी एसएचओ सचिन, एसएचओ सुनील, छछरौली एडिशनल एसएचओ यशपाल आदि मौजूद रहे।
फोटो-14