लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। घर से मतदान करने का आवेदन करने वाले जिले के 239 मतदाताओं के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने 15 टीमें गठित की हैं। पहले दिन इस टीम ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जाकर आयोग के निर्देशानुसार 85 वर्ग से अधिक आयु के बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के वोट कराए। मतदान से वंचित मतदाताओं से 20 मई को घर जाकर मतदान कराया जाएगा। मुख्य मतदान 25 मई को होगा।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं को घर से मतदान की सुविधा प्रदान की गई है। जिले की चारों विधानसभाओं में बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 239 है। महम विधानसभा में 58 मतदाताओं के मतदान के लिए चार टीमें, गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा में 116 मतदाताओं के घर से मतदान के लिए 6 टीमें, रोहतक विधानसभा में 21 मतदाताओं को घर से मतदान की सुविधा के लिए दो टीमें और कलानौर (अनुसूचित जाति) विधानसभा में 44 मतदाताओं के घर जाकर पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान कराने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।
टीमों को वितरित की चुनाव सामग्री
जिले की चारों विधानसभाओं के सहायक चुनाव अधिकारियों ने संबंधित स्ट्रॉग रूम से मतदान पार्टियों को चुनाव सामग्री वितरित की। कलानौर विधानसभा की सहायक रिटर्निंग अधिकारी और अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह ने सीआर कॉलेज ऑफ एजुकेशन के ब्लॉक-2, महम विधानसभा के सहायक रिटर्निंग अधिकारी दलबीर फौगाट ने महारानी किशोरी जाट कन्या कॉलेज के बहुउद्देश्यीय हॉल, गढ़ी-सांपला-किलोई के सहायक रिटर्निंग अधिकारी सुभाष चंद्र जून ने जाट कॉलेज ऑडिटोरियम हॉल व रोहतक विधानसभा के सहायक रिटर्निंग अधिकारी आशीष कुमार ने जाट हीरोज मेमोरियल एंगलो वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्थापित स्ट्रॉग रूम में चुनाव सामग्री वितरित की।