शराब तस्करी के मामले में रिमांड पर चल रहे आरोपी भूपेंद्र की तबीयत शुक्रवार शाम अचानक बिगड़ गई। छाती में दर्द की शिकायत पर पहले उसे सोनीपत के सामान्य अस्पताल ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। रात करीब सवा आठ बजे भूपेंद्र को पीजीआई लाया गया। डॉक्टरों ने तुंरत ईसीजी, ब्लड सहित अन्य टेस्ट किए, जिनकी रिपोर्ट सामान्य आई। इसके बाद शराब तस्करी के आरोपी को आपातकालीन विभाग से कार्डियोलॉजी करीब 9:15 बजे शिफ्ट किया गया। पीजीआई थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने बताया कि कार्डियोलॉजी वार्ड में भूपेंद्र की निगरानी में पीजीआई थाना व पुलिस लाइन के करीब 15 जवान तैनात किए गए है। सूत्रों के अनुसार भूपेंद्र से मिलने आने वाले सहित डॉक्टरों की भी वीडियोग्राफी की जाएगी। शनिवार सुबह भूपेंद्र की ईको करवाई जाएगी।
शुक्रवार रात करीब 8 बजे भूपेंद्र के सोनीपत सामान्य अस्पताल से पीजीआई रोहतक रेफर होने की सूचना मिलने पर पीजीआई इमरजेंसी वार्ड के बाहर पहले ही सांपला थाना पुलिस, पीजीआई थाना पुलिस सहित पुलिस लाइन से पुलिसकर्मी तैनात किए गए। मौके पर सोनीपत के डीएसपी शमशेर सिंह, डीएसपी नरेंद्र कादियान सांपला, पीजीआई थाना प्रभारी कप्तान सिंह, सांपला थाना प्रभारी कुलबीर सिंह, सीआईए टू प्रभारी आजाद नैन सहित अन्य पुलिस बल पहुंचा। इस दौरान भूपेंद्र का हाल चाल जाने को भीड़ इमरजेंसी के बाहर एकत्रित हो गई, जिसे पुलिस ने समझाकर हटाया।
दहिया खाप के प्रधान ने लगाया पुलिस पर भूपेंद्र का टॉर्चर करने के आरोप
पीजीआई इमरजेंसी वार्ड के बाहर पहुंचे दहिया खाप के प्रधान सुरेंद्र ने बताया कि पीजीआई आने के बाद उसने भूपेंद्र से मुलाकात की। मुुलाकात के दौरान भूपेंद्र ने प्रधान सुरेंद्र को बताया कि उसे पुलिस ने रिमांड के दौरान काफी टॉर्चर किया है। सोनीपत पुलिस के बाद रोहतक की सीआईए ने रात भर उसे रिमांड के दौरान काफी टॉर्चर किया था।