संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। निपुण हरियाणा मिशन की मासिक बैठक में मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने निपुण रीडिंग क्लब का शुभारंभ किया। इसके तहत सभी प्राथमिक विद्यालयों में प्रतिदिन 15 मिनट का पुस्तकालय पठन काल शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में पढ़ने की आदत और भाषा दक्षता बढ़ेगी।
जिला परियोजना कार्यान्वयन इकाई की मासिक समीक्षा बैठक मंगलवार को जेपी इंटरनेशनल स्कूल अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार झिरवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा, प्राचार्य डाइट मदीना ऋतु पंघाल, जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, एसपीआईयू सदस्य तुषार सिंह बोडवाल सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी, क्लस्टर हेड, मेंटर्स और शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला एफएलएन समन्वयक रूपांशी हुड्डा ने निपुण हरियाणा डैशबोर्ड के माध्यम से जिले की शैक्षणिक प्रगति, संकेतकों और ब्लॉकवार प्रदर्शन की समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने निपुण पैरेंट ऐप पर अधिक अभिभावकों का लॉगिन सुनिश्चित करने पर बल दिया ताकि स्कूल और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय बन सके। बैठक में टीएलपीएस सर्वेक्षण और पीजीआई इंडक्स के निष्कर्ष भी साझा किए गए और उनके आधार पर सुधारात्मक कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
एसपीआईयू सदस्य तुषार सिंह बोडवाल ने जिले के 40 विद्यालयों में चल रहे स्कूल सहायता कार्यक्रम की जानकारी दी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि निपुण हरियाणा मिशन का उद्देश्य विद्यार्थियों के छात्रों के सीखने के परिणाम में सुधार लाना है।
उन्होंने निर्देश दिए कि निपुण विद्यालय भ्रमण पारदर्शिता से हों और पोर्टल पर केवल प्रमाणिक आंकड़े दर्ज हों। किसी अनियमितता पर क्लस्टर हेड जिम्मेदार होंगे।
डीईओ मनजीत मलिक ने कहा कि अब गुड टू एक्सीलेंट की ओर बढ़ने का समय है। जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा ने पुस्तकालय के लिए अतिरिक्त पुस्तकों की मांग भेजने को कहा। अंत में सभी क्लस्टर हेड्स ने अधिगम परिणाम सुधारने का संकल्प लिया।